फोटो और इमेज में क्या होता है अंतर? 90% लोग नहीं जानते असली फर्क
TV9 Bharatvarsh June 22, 2026 12:43 PM

मोबाइल, सोशल मीडिया और इंटरनेट के दौर में फोटो और इमेज शब्दों का इस्तेमाल हर दिन होता है. हम भी खूब इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, बहुत से लोग इन दोनों को एक ही मान लेते हैं. तकनीकी रूप से देखा जाए तो फोटो और इमेज का मतलब अलग-अलग होता है. खासकर एआई और डिजिटल कंटेंट के बढ़ते उपयोग के बीच इन दोनों शब्दों का अंतर समझना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है. चलिए जानते हैं.

फोटो क्या होती है?

फोटो या फोटोग्राफ ऐसी तस्वीर को कहा जाता है जिसे किसी वास्तविक व्यक्ति, वस्तु, स्थान या घटना का कैमरे की मदद से कैप्चर किया गया हो. जब कोई व्यक्ति मोबाइल फोन या कैमरे से तस्वीर खींचता है, तो वह फोटो कहलाती है. किसी शादी की तस्वीर, किसी पर्यटन स्थल की कैमरे से ली गई तस्वीर या किसी व्यक्ति का पोर्ट्रेट फोटो कहलाता है. सरल शब्दों में कहें तो फोटो हमेशा वास्तविक दुनिया के किसी दृश्य को रिकॉर्ड करती है और उसके लिए कैमरे का इस्तेमाल जरूरी होता है.

तो फिर इमेज क्या है?

इमेज एक व्यापक शब्द है, जिसमें केवल फोटो ही नहीं बल्कि कई तरह की तस्वीरें शामिल होती हैं. डिजिटल डिजाइन, ड्राइंग, ग्राफिक्स, कार्टून, स्कैन की गई तस्वीरें और कंप्यूटर से बनाई गई विजुअल फाइलें भी इमेज की कैटेगरी में आती हैं. इसका मतलब है कि हर फोटो एक इमेज हो सकती है, लेकिन हर इमेज को फोटो नहीं कहा जा सकता. इमेज कैमरे से ली गई हो यह जरूरी नहीं है. इसे सॉफ्टवेयर, डिजाइन टूल या अन्य डिजिटल माध्यमों से भी तैयार किया जा सकता है.

एआई और डिजिटल दुनिया में क्यों बढ़ा अंतर

कंप्यूटर, इंटरनेट और सोशल मीडिया की दुनिया में इमेज शब्द का इस्तेमाल सबसे ज्यादा किया जाता है. वेबसाइट, ग्राफिक्स डिजाइन और डिजिटल कंटेंट में यही शब्द अधिक प्रचलित है. आज एआई की मदद से बनने वाली तस्वीरों ने भी इस अंतर को और स्पष्ट कर दिया है. एआई से तैयार की गई तस्वीरें किसी कैमरे से नहीं ली जातीं, बल्कि कंप्यूटर एल्गोरिदम द्वारा बनाई जाती हैं. इसलिए उन्हें फोटो के बजाय इमेज कहा जाता है. आसान भाषा में समझें तो फोटो वास्तविक दुनिया की कैमरे से ली गई तस्वीर होती है, जबकि इमेज हर प्रकार की तस्वीर के लिए इस्तेमाल होने वाला बड़ा शब्द है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.