‘प्रियांक खरगे पहले इतिहास पढ़ें’, RSS प्रमुख के लिखे पत्र को लेकर VHP अध्यक्ष ने किया पलटवार
एबीपी लाइव June 22, 2026 03:12 PM

कर्नाटक के डीके शिवकुमार सरकार में गृह मंत्री प्रियांक खरगे की तरफ से संघ प्रमुख मोहन भागवत को एक खुला पत्र लिखे जाने को लेकर राजनीतिक बवाल मचा हुआ है. जिसे लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कांग्रेस नेता की आलोचना की है. आलोक कुमार ने प्रियांक खरगे पर निशाना साधते हुए नसीहत दी है कि उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के इतिहास को पढ़ना चाहिए.

प्रियांक खरगे को लेकर क्या बोले VHP राष्ट्रीय अध्यक्ष?

दरअसल, कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को लिखे अपने पत्र में संगठन की कानूनी स्थिति, रजिस्ट्रेशन, फंडिंग के सोर्स, आय-व्यय और जवाबदेही से जुड़े कई सवाल किए थे. आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पर वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा, ‘हमने उनसे पूछा है कि संविधान के किस प्रावधान में यह लिखा है कि किसी संगठन को काम करने के लिए रजिस्टर होना जरूरी है. ऐसी कोई कानूनी जरूरत नहीं है.’

उन्होंने कहा, ‘प्रियांक खरगे से पूछा गया कि किस कानून के तहत ऐसे संगठनों का रजिस्ट्रेशन जरूरी है, लेकिन वे जवाब नहीं दे पाए. संविधान का अनुच्छेद 19(1)(सी) हर भारतीय को अपनी मर्जी से संगठन और संस्थाएं बनाने का हक देता है. यह हक खुद संविधान ने दिया है.’ 

हम संविधान के तहत चलते हैं- आलोक कुमार

VHP के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा, ‘यह अधिकार हमको संविधान के तहत मिलता है. साल 1948 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर बैन लगा था. इसके बाद सरकार ने संघ से संविधान देने के लिए कहा और RSS ने ऐसा ही किया. इसके बाद सरकार ने बैन हटाया. हम अपने संविधान के तहत चलते हैं.’

उन्होंने आगे कहा, ‘भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सरसंघचालक माधव सदाशिवराव गोलवलकर श्रीगुरु जी के देहांत पर लोकसभा में श्रद्धांजलि दी थी. उन्‍होंने श्रीगुरु जी को अपने विचारों पद दृढ़ रहने वाला एक अद्भुत व्‍यक्तित्‍व बताया था. वहीं, पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 1962 में चीन के हमले के समय संघ के कार्यों को देखते और समझते हुए सम्‍मान स्‍वरूप 26 जनवरी की परेड में संघ को शामिल किया था. इसलिए प्रियांक खरगे को इतिहास पढ़ लेना चाहिए.’ 

यह भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में भड़की VHP, सरकार से कर दी बड़ी मांग, कहा - ‘दोषियों को...’

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.