थलपति विजय की वो फिल्म जिसका फर्स्ट लुक तो आया, पर शूटिंग शुरू होने से पहले ही लग गया ताला
TV9 Bharatvarsh June 22, 2026 05:43 PM

Thalapathy Vijay Yohan Adhyayam Ondru: बॉलीवुड में ऐसी बहुत सी फिल्में रही हैं, जिनकी अनाउंसमेंट बहुत जोर-शोर से हुई. लेकिन शूटिंग शुरू होने से पहले या बाद में ये फिल्में बन नहीं पाई. बॉलीवुड के अलावा साउथ में भी कई मूवीज के साथ ऐसा हुआ है. इस लिस्ट में ‘मरुधनायगम’, ‘मरुपु’, ‘सत्याग्रही’ और ‘करिकालन’ जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं. इनके अलावा, थलपति विजय की भी एक फिल्म ऐसी रही, जिसकी अनाउंसमेंट ने खूब चर्चा बटोरी, मगर कई कारणों के चलते ये मूवी नहीं बन पाई. थलपति विजय की इस मूवी का नाम ‘योहन: अध्यायम ओन्द्रु’ था, जिसका ऐलान 2011 में किया गया था. इसका फर्स्ट लुक भी सामने आ गया था. लेकिन क्रिएटिव डिफरेंसेस की वजह से मेकर्स ने इसे बंद कर दिया था.

इस फिल्म को गौतम मेनन डायरेक्ट करने वाले थे. ‘योहन: अध्यायम ओन्द्रु’ के बंद होने की वजह क्रिएटिव डिफरेंस ही माना जाता है. गौतम वासुदेव मेनन ने एक बार खुद इस प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए बताया कि एक साल के प्री-प्रोडक्शन के बाद थलपति विजय को लगा कि फिल्म की कहानी ‘बहुत ज्यादा इंग्लिश फिल्म’ जैसी लग रही है, जिसकी वजह से विजय ने इस प्रोजेक्ट से पीछे हटने का फैसला किया.

थलपति विजय की डिब्बाबंद हुई फिल्म

साल 2011 में डायरेक्टर गौतम मेनन ने थलपति विजय के साथ ‘योहन: अध्यायम ओन्द्रु’ फिल्म बनाने का ऐलान किया था. उस वक्त डायरेक्टर का करियर पीक पर था और कई हिट फिल्में दे चुके थे. ये प्रोजेक्ट CIA के साथ काम करने वाले इंडियन शख्स के बारे में एक स्पाई थ्रिलर फिल्म थी. इसका स्केल और बजट बहुत बड़ा था क्योंकि गौतम ने इसे एक इंटरनेशनल स्पाई थ्रिलर के तौर पर सोचा था, जिसमें ज्यादातर विदेशी कलाकार शामिल होने वाले थे. इसकी शूटिंग 2012 में न्यूयॉर्क और कई इंटरनेशनल लोकेशन पर होने वाली थी.

यह भी पढ़ें – सीएम बनने से पहले थलपति विजय की जो फिल्म आई थी, उसने कितने पैसे कमाए थे?

आ गया था पहला पोस्टर

दिसंबर 2011 में ‘योहन: अध्यायम ओन्द्रु’ के मेकर्स (एरोज इंटरनेशनल और फोटॉन कथास) ने इसका पहला लुक और पोस्टर जारी किया गया था. इस इंटरनेशनल एक्शन-थ्रिलर फिल्म में ए.आर. रहमान म्यूजिक देने वाले थे. रिपोर्ट्स की मानें तो ये प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में इसलिए चला गया क्योंकि गौतम मेनन के पास पूरी स्क्रिप्ट तैयार नहीं थी और विजय पूरी स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद ही काम शुरू करना चाहते थे. साथ ही, विजय को लगा कि ये कहानी इंडियन ऑडियंस से कनेक्ट नहीं कर पाएगी, जिसके बाद उन्होंने इस फिल्म को करने से मना कर दिया था.

इसलिए थलपति विजय ने छोड़ी ‘योहन: अध्यायम ओन्द्रु’

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म की शूटिंग से कुछ दिन पहले ही विजय पीछे हट गए. उन्होंने इस प्रोजेक्ट से किनारा कर लिया क्योंकि उन्हें ये काफी हद तक “इंग्लिश फिल्म” लग रही थी. सुपरस्टार को डर था कि ये फिल्म उनके खास फैनबेस के साथ बने उनके कनेक्शन को तोड़ देगी. इसी के चलते थलपति विजय ने इस फिल्म से छोड़ने का फैसला किया.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.