Gayatri Jayanti 2026: गायत्री जंयती पर इन खास उपायों को करने से मिलेगा माता का आशीर्वाद! जीवन में आएगी खुशहाली
TV9 Bharatvarsh June 23, 2026 01:43 AM

Gayatri Jayanti 2026: सनातन धर्म में गायत्री जंयती का विशेष महत्व माना गया है. ये दिन वेदमाता गायत्री को समर्पित किया गया है. गायत्री माता की वेदमाता के अलावा देवमाता और विश्वमाता के रूप में भी पूजा की जाती है. हर साल ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मां गायत्री के प्राकट्य दिवस मनाया जाता है. इस साल ये विशेष पर्व 25 जून को है. इसी दिन भगवान विष्णु को समर्पित निर्जला एकादशी का व्रत भी रखा जाएगा.

वहीं धार्मिक मान्यता है कि गायत्री जयंती के दिन माता गायत्री की विशेष पूजा और अराधना करने से जीवन में ज्ञान, विवेक और आध्यात्मिक शक्ति विकसित होती है. इस दिन पूजा-पाठ के साथ-साथ कुछ खास उपाय भी किए जाते हैं. मान्यता है कि ये उपाय जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग खोलते हैं.

गायत्री जयंती के उपाय
  • गायत्री जयंती के दिन श्रद्धा और शुद्ध मन से गायत्री मंत्र का जाप करें. मान्यता है कि इस दिन 108 या 1008 बार गायत्री मंत्र का जाप करने से मन को शांति मिलती है. एकाग्रता बढ़ती है और बुद्धि विकसित होती है. यह मंत्र मानसिक शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा को भी बढ़ाता है.
  • गायत्री जयंती के अवसर पर गायत्री यज्ञ या हवन करें. ऐसा करना बहुत पुण्यदायी माना जाता है. माना जाता है कि यज्ञ की आहुति के साथ गायत्री मंत्र बोलने पर वातावरण शुद्ध होता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है.
  • गायत्री माता ज्ञान की देवी मानी जाती हैं. इस दिन दान का भी विशेष महत्व माना गया है. इस दिन जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा सामग्री और ब्राह्मणों को अन्न का दान अवश्य करें. ऐसा करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है.
  • इस दिन गायत्री माता की पूजा के बाद गायत्री चालीसा और आरती करें. ऐसा करने मानसिक शांति मिलती है. परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता बनी रहती है.
  • गायत्री जयंती पर व्रत रखें और फलाहार करें. ऐसा करना बहुत लाभकारी होता है. अगर व्रत न रख पाएं तो इस दिन सिर्फ सात्विक भोजन ही ग्रहण करें. ऐसा करने से शरीर के साथ-साथ मन भी शुद्ध होता है. संयम और भक्ति भावना भी बढ़ती है.
  • ये भी पढ़ें: Avoid Washing Hands in Plate: भोजन करने के बाद क्यों थाली में हाथ धोने से किया जाता है मना? शास्त्रों से जानें

    Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

    © Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.