CBSE 12वीं में रांची की बेटी का कमाल, री-इवैल्यूएशन के बाद हासिल किए 500 में 500 नंबर
रजनी उपाध्याय June 23, 2026 02:42 PM

CBSE 12वीं री-इवैल्यूएशन झारखंड के रांची की रहने वाली अवनी केजरीवाल के लिए बेहद खास रहा. दरअसल, सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के री-इवैल्यूएशन रिजल्ट में अवनी ने पूरे 500 में 500 नंबर हासिल कर लिए हैं.

जब बोर्ड एग्जाम का पहला रिजल्ट आया तो उन्हें लगा कि अंग्रेजी और बिजनेस स्टडीज में उनके नंबर उम्मीद से कम दिए गए हैं. इंग्लिश में 19 अंक कम मिलने से वह हैरान थीं, क्योंकि यह उनका पसंदीदा और सबसे मजबूत सब्जेक्ट था. इसी वजह से उन्होंने री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया.

अवनी का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि नंबर बढ़ सकते हैं, लेकिन पूरे 500 अंक मिल जाएंगे, इसकी कल्पना भी नहीं की थी. री-इवैल्यूएशन के बाद अंग्रेजी में उनके 19 अंक और बिजनेस स्टडीज में 5 नंबर बढ़ गए. इस तरह उनके कुल अंकों में 24 अंकों का इजाफा हुआ और उनका स्कोर 500 में 500 पहुंच गया.

यह भी पढ़ें - राजस्थान की नौकरियों की रीढ़ है RPSC, जानिए इसकी स्थापना की कहानी

5 सब्जेक्ट में पूरे नंबर

अवनी ने अपने पांचों मुख्य विषयों में 100-100 अंक हासिल किए हैं. इनमें इंग्लिश कोर, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स और एप्लाइड मैथेमेटिक्स शामिल हैं. इसके अलावा अतिरिक्त विषय ग्राफिक्स में भी उन्हें 99 अंक मिले हैं. इतने शानदार प्रदर्शन के बाद अवनी राज्य की टॉप छात्रों में शामिल हो गई हैं.

यहां की हैं स्टूडेंट्स

अवनी रांची के धुर्वा स्थित डीपीएस सेल टाउनशिप स्कूल की छात्रा हैं. उनके पिता मितेश केजरीवाल एक व्यवसायी हैं, जबकि उनकी मां पूनम केजरीवाल गृहिणी हैं. परिवार का कहना है कि अवनी शुरू से ही पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर और मेहनती रही हैं. उन्होंने हमेशा अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई की, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है.

अवनी ने क्या कहा?

अवनी का कहना है कि उन्हें शुरू से ही यकीन था कि उन्होंने परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया है और उनके नंबर इससे ज्यादा होने चाहिए थे. इसी विश्वास के चलते उन्होंने उत्तर पुस्तिका की दोबारा जांच कराने का फैसला किया. री-इवैल्यूएशन के नतीजे आने के बाद उनका भरोसा सही साबित हुआ और उन्हें पूरे 500 में 500 अंक मिल गए.

अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अवनी ने अपने माता-पिता, शिक्षकों को दिया. जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और हौसला बढ़ाया. भविष्य को लेकर भी अवनी की स्पष्ट योजना है. वह बिजनेस मैनेजमेंट के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं.

यह भी पढ़ें - Haryana Government Yoga Policy: हरियाणा में सरकारी नौकरी के लिए योग जरूरी! HSSC-HPSC परीक्षा में होगा बड़ा बदलाव

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.