तेज आंधी से कांपा नोएडा, तूफान से सड़कों पर गिरे पेड़; उड़ गईं टीन की छतें
TV9 Bharatvarsh June 23, 2026 07:43 PM

Noida Weather: नोएडा में मंगलवार दोपहर के समय अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने लोगों को दहशत में डाल दिया. तेज हवाओं के चलते कई जगह सड़क किनारे खड़े पेड़ धराशायी हो गए, जबकि टीन की छतें भी उड़ गईं. देखते ही देखते मौसम ने ऐसा रौद्र रूप लिया कि सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और लोग सुरक्षित जगहों की तलाश में जुट गए. नोएडा में आए इस तेज तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है.

दिल्ली-NCR समेत नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली. तेज रफ्तार आंधी और तूफान के चलते कुछ ही मिनटों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ धूल का गुबार कई किलोमीटर दूर तक उड़ता दिखाई दिया. नोएडा के शहरी इलाकों से लेकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट, जेवर, दनकौर, बिलासपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक आंधी का व्यापक असर देखने को मिला.

ये भी पढ़ें- बदलेगी बनारस की सूरत: वरुणा के किनारे बनेंगे वॉकिंग ट्रैक और ग्रीन जोन, ONGC के CSR फंड से चमकेगी नदी

कई जगह गिरे पेड़, टीन की छतें उड़ीं

तेज हवाओं के कारण नोएडा के सेक्टर-18, सेक्टर-16 सहित कई इलाकों में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. सड़क किनारे लगे कई पेड़ टूटकर गिर गए, जबकि कुछ स्थानों पर टीन की छतें और अस्थायी ढांचे भी हवा में उड़ गए. अचानक आए तूफान से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई स्थानों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई.

धूल भरी आंधी से कम हुई विजिबिलिटी

आंधी के साथ उड़ रही धूल ने सड़कों पर विजिबिलिटी को काफी कम कर दिया। कुछ ही देर में आसमान धूल की परत से ढक गया, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई लोगों ने अपनी गाड़ियों की रफ्तार धीमी कर दी, जबकि कुछ वाहन चालक सड़क किनारे रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करते नजर आए. ग्रामीण और खुले इलाकों में धूल का प्रभाव और अधिक देखने को मिला, जहां दूर-दूर तक धूल के गुबार दिखाई दिए.

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

आंधी-तूफान के दौरान कई इलाकों से पेड़ों की शाखाएं टूटने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचनाएं सामने आई हैं. संबंधित विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जहां भी रास्ता बाधित होने या नुकसान की जानकारी मिल रही है, वहां राहत और व्यवस्था बहाल करने का काम किया जा रहा है.

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माण वाले ढांचों के पास खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें. मौसम में आए इस अचानक बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से जरूर राहत मिली है, लेकिन प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी है.

दिल्ली में भी चली तेज धूल भरी आंधी

वहीं दिल्ली के छतरपुर, इंडिया गेट, राजपथ समेत कई क्षेत्रों में तेज धूल भरी आंधी चली. आंधी के कारण कई जगहों पर होर्डिंग और बोर्ड उखड़ गए, जबकि पेड़-पौधों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं. फ्लाईओवर और व्यस्त सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई. बाइक चालकों को तेज हवाओं और उड़ती धूल के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.