MP: 'मेरी जमीन-मकान वापस दिलाइए', 80 वर्षीय महिला ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
TV9 Bharatvarsh June 23, 2026 08:43 PM

Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को एक मार्मिक और हैरान करने वाला मामला सामने आया. उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली 80 वर्षीय बुजुर्ग अनीश फ़ातिमा अपनी शिकायत लेकर एंबुलेंस के माध्यम से इंदौर पहुंचीं. वृद्धावस्था और खराब स्वास्थ्य के बावजूद उन्होंने अपनी संपत्ति से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में न्याय की गुहार लगाई.

पीड़िता के परिजनों ने कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि अनीश फ़ातिमा के पति के निधन के बाद वह अपने गांधी नगर स्थित मकान और अन्य संपत्तियों की देखरेख का जिम्मा अपने कुछ परिचितों को सौंपकर उत्तर प्रदेश चली गई थीं. इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनकी संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों में कथित रूप से फर्जीवाड़ा किया गया है. शिकायत के अनुसार, उनके परिजनों नजमा बी और एलिस ने गांधी नगर संस्था के अध्यक्ष फूलचंद्र पाण्डेय के साथ मिलकर उनके प्लॉट और मकान के कथित फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति का सौदा कर दिया.

संपत्ति हड़पने का लगाया आरोप

बुजुर्ग महिला का आरोप है कि बिना उनकी अनुमति और जानकारी के उनकी संपत्ति को बेच दिया गया, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से भारी नुकसान पहुंचा है. जनसुनवाई में पहुंचे परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.उनका कहना है कि बुजुर्ग महिला लंबे समय से न्याय के लिए सं घर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिल पाई है.

डीएम ने दिए जांच के आदेश

वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर कलेक्टर ने शिकायत को संबंधित अधिकारियों को जांच के लिए सौंपने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने बुजुर्ग महिला और उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता या फर्जीवाड़ा पाया जाता है तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल प्रशासन ने जल्द से जल्द मामले के निराकरण का भरोसा दिया है, जिससे पीड़ित बुजुर्ग महिला को न्याय मिल सके.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.