MG की नई फैमिली SUV जल्द होगी लॉन्च, Innova Hycross को मिलेगी चुनौती
TV9 Bharatvarsh June 24, 2026 12:44 AM

JSW MG मोटर इंडिया ने 16 जुलाई को एक नई कार से पर्दा उठाने जा रही है. कंपनी ने अब तक इस गाड़ी का नाम नहीं बताया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह MG की नई मिड-साइज या फुल-साइज SUV हो सकती है, जो अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकने वाली Wuling Starlight 560 पर बेस्ड होगी. इस SUV को पहले भी भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है.

कंपनी की ओर जारी किए गए टीजर में लिखा गया है, “Internet Inside ने भारत के ड्राइविंग अनुभव को बदल दिया, अब समय है New Energy Vehicles के अगले दौर का.” यह संदेश MG Hector की याद दिलाता है, जिसने 2019 में कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी को लोकप्रिय बनाया था. इस बार MG का पूरा फोकस New Energy Vehicles (NEV) यानी इलेक्ट्रिक और प्लग-इन हाइब्रिड वाहनों पर नजर आ रहा है. इससे संकेत मिलता है कि कंपनी भारत में अपने हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो को तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है.

Hector से बड़ी हो सकती है नई SUV

अंतरराष्ट्रीय बाजार में Wuling Starlight 560 की लंबाई 4,745 मिमी है और इसका व्हीलबेस 2,810 मिमी है. साइज के लिहाज से यह MG Hector से भी बड़ी हो सकती है. SUV को 5-सीटर और 7-सीटर दोनों विकल्पों में पेश किया जाता है. डिजाइन की बात करें तो इसमें बॉक्सी स्टाइल, बड़ी फ्रंट ग्रिल, LED लाइटिंग, चौड़े व्हील आर्च और दमदार रोड प्रेजेंस देखने को मिलती है. पीछे की तरफ कनेक्टेड LED टेललाइट्स, सीधा टेलगेट और रूफ स्पॉइलर दिया गया है, जो इसे आधुनिक लुक देता है.

केबिन होगा प्रीमियम

वैश्विक मॉडल में 12.8 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 8.8 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है. इसके अलावा ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और कई आरामदायक फीचर्स दिए गए हैं. भारतीय बाजार के लिए MG इसमें और भी ज्यादा फीचर्स जोड़ सकती है ताकि यह प्रीमियम SUV खरीदारों को आकर्षित कर सके.

इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड दोनों विकल्प

वैश्विक बाजार में यह SUV दो पावरट्रेन विकल्पों के साथ उपलब्ध है. पहला Plug-in Hybrid (PHEV) है, जिसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन और बैटरी पैक का कॉम्बिनेशन मिलता है. यह सिस्टम 197hp की पावर और 230Nm का टॉर्क देता है. खास बात यह है कि यह SUV केवल बिजली पर लगभग 100 किलोमीटर तक चल सकती है.

दूसरा विकल्प पूरी तरह इलेक्ट्रिक है. इसमें 56.7kWh बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 136hp की पावर और 200Nm का टॉर्क पैदा करती है. कंपनी दावा करती है कि यह मॉडल एक बार चार्ज करने पर लगभग 500 किलोमीटर तक की रेंज दे सकता है.

हालांकि MG ने अभी यह साफ नहीं किया है कि भारत में पहले कौन-सा मॉडल लॉन्च होगा, लेकिन टीजर में “New Energy Vehicles” पर जोर दिए जाने से माना जा रहा है कि Plug-in Hybrid वर्जन लॉन्च का मुख्य आकर्षण हो सकता है.

किससे होगा मुकाबला?

लॉन्च के बाद MG की यह नई SUV भारतीय बाजार में Mahindra XUV 7XO, Tata Safari, Toyota Innova Hycross, Hyundai Alcazar और MG Hector Plus जैसी गाड़ियों को टक्कर दे सकती है.

कंपनी इस SUV को 2026 की दिवाली से पहले बाजार में उतार सकती है. आने वाले दिनों में इसके फीचर्स, कीमत और लॉन्च से जुड़ी और जानकारियां सामने आने की उम्मीद है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.