Puja Path ke Niyam: पूजा घर में दीपक जलाने का क्या है सही समय और नियम? जानिए धार्मिक मान्यता
TV9 Bharatvarsh June 24, 2026 11:43 AM

Puja Deepak Rules: सनातन धर्म में पूजा-पाठ के दौरान दीपक जलाना जरूरी माना गया है. घर का मंदिर चाहे छोटा हो या बड़ा, सुबह-शाम भगवान के सामने दीया जलाना हमारी दिनचर्या का एक अहम हिस्सा होता है. शास्त्रों में दीपक को सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक और अंधकार को मिटाने वाला माना गया है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि पूजा घर में दीपक जलाने के भी कुछ खास नियम और सही समय होता है? धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगर सही समय और सही नियमों का पालन करते हुए दीपक न जलाया जाए, तो पूजा का पूरा फल नहीं मिलता है. आइए विस्तार से जानते हैं कि शास्त्रों के अनुसार दीपक जलाने की सही विधि, समय और इसके पीछे के नियम क्या हैं.

दीपक जलाने का सही समय क्या माना जाता है?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर के मंदिर में सुबह और शाम दोनों समय दीपक जलाना शुभ माना जाता है. सुबह सूर्योदय के समय दीपक जलाने से दिन की शुरुआत सकारात्मक ऊर्जा के साथ होती है. वहीं, शाम को सूर्यास्त के बाद दीपक जलाने से घर में सुख-शांति और समृद्धि का वास माना जाता है. विशेष रूप से संध्या काल यानी दिन और रात के मिलन का समय पूजा और दीपदान के लिए सबसे शुभ माना गया है. इस समय दीपक जलाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है.

किस तेल या घी का दीपक जलाना चाहिए?

धार्मिक ग्रंथों में गाय के शुद्ध घी का दीपक सबसे शुभ माना गया है. मान्यता है कि घी का दीपक जलाने से देवी-देवताओं की विशेष कृपा प्राप्त होती है. वहीं, सरसों के तेल का दीपक भी शुभ माना जाता है और इसका उपयोग विशेष रूप से शनि देव, हनुमान जी और पितरों की पूजा में किया जाता है. तिल के तेल का दीपक भी कई धार्मिक कार्यों में प्रयोग किया जाता है. हालांकि, पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाला तेल या घी शुद्ध और साफ होना चाहिए.

दीपक जलाते समय किन बातों का रखें ध्यान?

पूजा घर में दीपक हमेशा साफ स्थान पर रखना चाहिए. दीपक जलाने से पहले भगवान को याद करें और मन को शांत रखें. कोशिश करें कि दीपक पूजा पूरी होने तक जलता रहे. दीपक की बत्ती भी सही तरीके से बनानी चाहिए. कई लोग रुई की बत्ती का उपयोग करते हैं, जिसे धार्मिक दृष्टि से शुभ माना जाता है. दीपक बुझाने के लिए फूंक मारने से बचना चाहिए. यदि किसी कारण से दीपक बुझाना जरूरी हो तो उसे किसी फूल बुझाना बेहतर माना जाता है.

किस दिशा में रखना चाहिए दीपक?

वास्तु और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पूजा घर में दीपक पूर्व या उत्तर दिशा की ओर रखना शुभ माना जाता है. कहा जाता है कि पूर्व दिशा की ओर दीपक रखने से ज्ञान और सकारात्मकता बढ़ती है, जबकि उत्तर दिशा धन और समृद्धि से जुड़ी मानी जाती है.

ये भी पढ़ें: Jade Plant Vastu: मनी प्लांट को छोड़िए, चुंबक की तरह धन को आकर्षित करता है ये पौधा

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.