IND vs IRE: 15 में से 6 खिलाड़ियों का आयरलैंड में खास 'डेब्यू', सिर्फ 9 के पास ये अनुभव
TV9 Bharatvarsh June 24, 2026 03:43 PM

IND vs IRE T20 Series: भारतीय क्रिकेट टीम वाइट बॉल सीरीज के लिए आयरलैंड के बेलफास्ट पहुंच चुकी है. दोनों टीमों के बीच 26 जून से 2 मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है. सीनियर और युवा खिलाड़ियों से सजी इस टीम में एक अनोखा संयोग देखने को मिल रहा है. टी20 सीरीज के लिए चुने गए 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड में से 7 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो पहली बार आयरलैंड की धरती पर क्रिकेट खेलने उतरे हैं. वहीं, सिर्फ 9 खिलाड़ियों के पास ही यहां खेलने का पिछला अनुभव है.

श्रेयस अय्यर पहली बार संभालेंगे कमान

इस दौरे पर टीम इंडिया की कप्तानी संभाल रहे श्रेयस अय्यर के पास आयरलैंड में खेलने का कोई पुराना अनुभव नहीं है. वो पहली बार इस देश में बतौर खिलाड़ी और कप्तान कदम रख रहे हैं. हालांकि, उपकप्तानी की जिम्मेदारी तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जो पहले भी आयरलैंड में खेल चुके हैं. आयरलैंड पर पहली बार आने वाले 6 खिलाड़ियों में से कुछ तो अपने इंटरनेशनल करियर का ही आगाज कर रहे हैं.

आईपीएल में ऑरेंज कैप जीतकर इतिहास रचने वाले 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की ये पहली इंटरनेशनल सीरीज है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं. इनके साथ-साथ सूर्यांश शेडगे भी पहली बार भारतीय टीम में चुने गए हैं. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों के लिए प्रिंस यादव को पहली बार सीनियर टी20 टीम में बुलावा मिला है. इससे पहले वो वनडे में डेब्यू कर चुके हैं. वहीं, युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी पहली बार आयरलैंड की पिचों पर अपनी रफ्तार का जादू दिखाएंगे. अभिषेक शर्मा भी पहली बार सीनियर मेंस टीम के साथ आयरलैंड का दौरा कर रहे हैं.

सिर्फ इन 9 खिलाड़ियों के पास ये अनुभव

टीम के बाकी 9 खिलाड़ी पहले भी आयरलैंड की परिस्थितियों में खेल चुके हैं. इस लिस्ट में संजू सैमसन, ईशान किशन, अक्षर पटेल, प्रसिद्ध कृष्णा, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई शामिल हैं.

आयरलैंड टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.