आज फीफा में फुटबॉल मैच कौन जीता, 24 जून 2026: पुर्तगाल की जीत में रोनाल्डो हीरो रहे, घाना ने इंग्लैंड को बराबरी पर रोका, कोलंबिया नॉकआउट में
Navbharat Times June 24, 2026 04:42 PM
नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 के 13वें दिन चार मुकाबले हुए। पुर्तगाल की टक्कर उज्बेकिस्तान, इंग्लैंड की घाना, क्रोएशिया की पनामा और कोलंबिया की डीआर कांगे से हुई। दिन के पहले मैच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जादू देखने को मिला। टीम के पहले मैच में फेल होने की वजह से आलोचना झेलने वाले रोनाल्डो ने दो गोल दागे। इसके साथ ही प्रबल दावेदार इंग्लैंड की टीम घाना के डिफेंड से नहीं भेद पाई। 2018 की फाइनलिस्ट क्रोएशिया इस साल टूर्नामेंट में खाता खुल गया है तो पनामा के नॉकआउट में जाने की उम्मीद खत्म हो गई। वहीं कोलंबिया नॉकआउट में पहुंचने वाला 7वां देश बन गया है।
रोनाल्डो ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो गोल दागे
ग्रुप के मुकाबले में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 के बड़े अंतर रौंदा। जीत के नायक स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो रहे, जिन्होंने मुकाबले में 2 गोल किए। पुर्तगाल ने इस जीत के साथ ही राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की अपनी दावेदारी को भी मजबूत कर लिया है। टीम के 2 मुकाबलों के बाद अब 4 प्वाइंट हो गए हैं। मैच के छठे मिनट में ही रोनाल्डो ने अपनी क्लास दिखाई और टीम के लिए पहला गोल करते हुए 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के साथ ही रोनाल्डो ने ऐतिहासिक उपलब्धि भी हासिल की। वह बने। पुर्तगाल की बढ़त को मैच के 17वें मिनट में ही नुनो मेंडेस ने दोगुना कर दिया।
इसके बाद मैच के 39वें मिनट में रोनाल्डो ने अपना दूसरा और मैच का तीसरा गोल दागा। रोनाल्डो के इस गोल के दम पर पुर्तगाल ने पहले हाफ का अंत 3-0 की बढ़त के साथ किया। दूसरे हाफ में उज्बेकिस्तान के गोलकीपर नेमातोव गलती से अपना ही गोल कर बैठे, जिसके चलते पुर्तगाल की बढ़त 4-0 हो गई। मैच के 87वें मिनट में राफा लियाओ ने पांचवां गोल किया और पुर्तगाल की धमाकेदार जीत पर मुहर लगा दी।
घाना ने इंग्लैंड को बराबरी पर रोका
इंग्लैंड और घाना के बीच खेला गया मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ। घाना के डिफेंस ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। इंग्लैंड ने मैच में पहला बड़ा मौका 13वें मिनट में बनाया, जब डेक्लान राइस की लंबी दूरी की फ्री-किक गोल पोस्ट के ऊपर से निकल गई। पहले हाफ में जूड बेलिंगहैम का एक शॉट घाना के दो डिफेंडर ने ब्लॉक किया। वहीं, राइस ने नोनी मडुके के क्रॉस पर हेडर लगाया, लेकिन उन्हें भी सफलता नहीं मिली। हाफ टाइम से ठीक पहले कप्तान हैरी केन के पास गोल करने का अच्छा मौका था, लेकिन वह भी घाना के मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे।
दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने और तेजी से हमले किए। इलियट एंडरसन का करीब से लगाया गया हेडर ब्लॉक हो गया, जबकि एंथनी गॉर्डन के शॉट को घाना के गोलकीपर बेंजामिन असारे ने शानदार तरीके से बचा लिया। हैरी केन ने भी एक लो शॉट लगाकर गोल करने की कोशिश की, लेकिन असारे ने फिर से बेहतरीन बचाव किया। मैच के अंतिम मिनटों में इंग्लैंड ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। बुकायो साका के मैदान पर आने के बाद टीम के हमले और तेज हुए। मॉर्गन ओ’रेली के शानदार क्रॉस पर हैरी केन को मौका मिला, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार के ऊपर चला गया। अंत में दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। इस ड्रॉ के बाद ग्रुप एल में इंग्लैंड और घाना की स्थिति मजबूत हो गई है। दोनों टीमें अपने आखिरी ग्रुप मैच में क्रमशः पनामा और क्रोएशिया का सामना करेंगी। इन मुकाबलों में सिर्फ एक अंक हासिल करने पर भी दोनों टीमों का राउंड ऑफ 32 में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा।
पनामा पर जीत से क्रोएशिया का खाता खुला
ग्रुप एल मुकाबले में क्रोएशिया ने पनामा को 1-0 से हराया। इस जीत के साथ ही क्रोएशिया ने तीन अहम अंक भी हासिल किए। क्रोएशिया के खिलाफ मिली हार के साथ ही पनामा के अगले राउंड में पहुंचने की उम्मीदें भी खत्म हो गई हैं। टोरंटो स्टेडियम में पहले हाफ में पनामा ने क्रोएशिया के मुकाबले ज्यादा बेहतर खेल दिखाया। 23वें मिनट में पनामा को गोल करने का एक शानदार मौका मिला, जब जोस लुइस रोड्रिगेज ने जोरदार हेडर लगाया। दूसरे हाफ के बाद क्रोएशिया ने मैच में अपनी पकड़ मजबूत की। मुकाबले के 54वें मिनट में क्रोएशिया 1-0 की बढ़त हासिल करने में सफल रही। जोसिप स्टैनिसिक के दाईं ओर से आए शानदार लो क्रॉस को सब्सटीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर आए एंटे बुदिमिर ने गोल में तब्दील किया।
तीन मिनट बाद मार्को पासालिक के पास अपनी टीम की बढ़त को दोगुना करने का शानदार मौका था, लेकिन पहले पनामा के गोलकीपर ऑरलैंडो मॉस्केरा ने उन्हें रोक दिया और फिर रिबाउंड पर वह गोल करने से चूक गए। पनामा ने भी मैच में कुछ मौके बनाए, लेकिन क्रोएशिया के गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविच शानदार फॉर्म में दिखे और उन्होंने कई अहम बचाव किए। क्रोएशिया और अपना 200वां मैच खेल रहे टीम के कप्तान लुका मोड्रिक के लिए यह मुकाबला यादगार रहा। इस जीत के साथ ही क्रोएशिया ने राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है।
कोलंबिया ने नॉकआउट में जगह बनाई
डैनियल मुनोज ने कांगो की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदते हुए गोल दागा जिससे कोलंबिया ने 1-0 की जीत के साथ विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया। कांगो के गोलकीपर लियोनेल म्पासी ने शानदार प्रदर्शन करके कोलंबिया को अधिकतर समय गोल से वंचित रखा था लेकिन आखिर में मुनोज ने 76वें मिनट में गोल कर दिया जो निर्णायक साबित हुआ। डिफेंडर से टकराकर गेंद मुनोज़के पास पहुंची थी जिनके बाएं पैर से लगाए गए शॉट को रोकने का म्पासी के पास कोई मौका नहीं था।
कांगो ने 52 साल बाद अपने पहले विश्व कप की शुरुआत क्रिस्टियानो रोनाल्डो और पुर्तगाल के खिलाफ 1-1 के ड्रॉ के साथ की थी। कोलंबिया के ग्रुप के में दो मैचों में छह अंक हो गए हैं, जो पुर्तगाल से दो अंक और कांगो से पांच अंक अधिक है। कोलंबिया को ग्रुप में शीर्ष पर रहने के लिए शनिवार को पुर्तगाल के खिलाफ मैच ड्र्रॉ करने की जरूरत होगी। यह नतीजा पुर्तगाल को नॉकआउट चरण में पहुंचाने के लिए भी काफी होगा। कोलंबिया विश्व रैंकिंग में 11वें स्थान पर है, जो दक्षिण अमेरिकी टीमों में ब्राजील और अर्जेंटीना के बाद तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्थान है। उसने अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान पर 3-1 से जीत के साथ शुरुआत की थी।