आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पेपर लीक का विरोध करने वाले बच्चों को बदनाम किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि जो बच्चे देश के अलग-अलग राज्यों से दिल्ली आए और पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया… उन्हें टारटेग किया जा रहा है. अफसोस की बात कि उन्हें देश का टुकड़े-टुकड़े करने वाला बताया जा रहा है.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन बीजेपी और मोदी सरकार के मंत्रियों को हजम नहीं हो रहा है. छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं. लेकिन उल्टा इन छात्रों पर ही हमला किया जा रहा है.
छात्रों के प्रदर्शन को कमजोर करने की साजिशअरविंद केजरीवाल ने कहा कि छात्रों के प्रदर्शन को कमजोर और बदनाम करने के लिए उन्हें देश विरोधी बताने का सिलसिला जारी है. दरअसल केंद्रीय शिक्षा धर्मेंद्र प्रधान की ओर से इन छात्रों को देश के टुकड़े-टुकड़़े करने वाले बयान पर अरविंद केजरीवाल ने आपत्ति जताते हुए पलटवार किया है.
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर जारी धर्मेंद्र प्रधान के एक बयान का वीडियो साझा किया और पूछा कि “इतना अहंकार? पेपर लीक का विरोध करने वाले मासूम बच्चे देश के टुकड़े-टुकड़े करना चाहते हैं और आप उनका भविष्य बर्बाद करके देश बचा रहे हैं?”
पेपर लीक अरबों-खरबों का धंधाआपको बताएं कि आम आदमी पार्टी पेपर लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन में खड़ी है. नीट पेपर लीक होने के बाद डिप्रेशन में आकर कई बच्चों द्वारा आत्महत्या करने जैसे कदम उठाने पर अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला था.
उन्होंने कहा कि पेपर लीक अरबों-खरबों का धंधा है और उसमें बहुत बड़े-बड़े लोग शामिल हैं. हर दो-तीन साल में पेपर लीक हो रहे हैं. केंद्र सरकार के हर पेपर में गड़बड़ी हो रही है. हर पेपर लीक हो रहा है, कोई न कोई गड़बड़ी हो रही है. यह सब नियत का सवाल है. उनकी नियत खराब है.