महिंद्रा की गाड़ियों को हमेशा से उनकी दमदार रोड प्रेजेंस और ऑफ-रोड कैपेसिटी के लिए पसंद किया जाता है. अब कंपनी अपनी नई SUV महिंद्रा विजन S को लेकर चर्चा में है. हाल ही में इस SUV को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिसके बाद माना जा रहा है कि इसे अगस्त 2026 में पेश किया जा सकता है. यह SUV महिंद्रा की नई गाड़ियों में शामिल होगी और इसमें मॉडर्न डिजाइन, एडवांस फीचर्स और कई इंजन ऑप्शन मिलने की उम्मीद है.
महिंद्रा ने सबसे पहले विजन S कॉन्सेप्ट को अपने फ्रीडम NU इवेंट में शो किया था. अब टेस्टिंग के दौरान सामने आए मॉडल से संकेत मिल रहे हैं कि प्रोडक्शन वर्जन काफी हद तक कॉन्सेप्ट मॉडल जैसा ही होगा. इसका डिजाइन काफी बॉक्सी और मजबूत नजर आता है, जिससे यह छोटी स्कॉर्पियो जैसी दिखाई देती है. SUV में चौकोर व्हील आर्च, सीधा और ऊंचा बॉडी स्टांस, फ्लश डोर हैंडल और पीछे स्पेयर व्हील जैसी खूबियां देखने को मिल सकती हैं.यह डिजाइन इसे एक दमदार और एडवेंचर-रेडी SUV का लुक देता है.
नई विजन S को महिंद्रा के नए NU_IQ प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा.इस प्लेटफॉर्म की खासियत यह है कि यह पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक जैसे अलग-अलग पावरट्रेन को सपोर्ट कर सकता है.शुरुआती दौर में SUV को पेट्रोल और डीजल इंजन ऑप्शन्स के साथ लॉन्च किया जा सकता है. इसमें 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन मिलने की उम्मीद है.बाद में कंपनी इसके हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वर्जन भी ला सकती है.
फीचर्स की बात करें तो विजन S को मॉडर्न तकनीक से लैस किया जा सकता है.इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस चार्जिंग, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, ऑटो होल्ड और कनेक्टेड कार तकनीक जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है.इसके अलावा लेवल-2 ADAS, 360 डिग्री कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और छह एयरबैग जैसे सेफ्टी फीचर्स भी दिए जा सकते हैं.
केबिन को भी काफी प्रीमियम बनाया जा सकता है.कॉन्सेप्ट मॉडल में ड्यूल-स्क्रीन सेटअप, प्रीमियम अपहोल्स्ट्री और आधुनिक डैशबोर्ड डिजाइन देखने को मिला था.प्रोडक्शन मॉडल में भी इसी तरह का आधुनिक और फीचर-लोडेड इंटीरियर मिलने की उम्मीद है, जिससे यह अपने सेगमेंट की अन्य SUVs को कड़ी टक्कर दे सकती है.
माना जा रहा है कि महिंद्रा विजन S को XUV 3XO और स्कॉर्पियो रेंज के बीच पोजिशन किया जाएगा. इसका लक्ष्य उन ग्राहकों को टारगेट करना होगा जो कॉम्पैक्ट आकार में मजबूत, स्टाइलिश और फीचर-लोडेड SUV चाहते हैं.लॉन्च होने के बाद इसका मुकाबला मुकाबला Hyundai Venue, Kia Sonet, Tata Nexon, Skoda Kylaq और आने वाली कई नई कॉम्पैक्ट SUVs से हो सकता है.
- Used Car खरीदते समय सबसे पहले चेक करें ये रिकॉर्ड, वरना हो सकता है बड़ा नुकसान