Who Is Pooja Pal In Hindi: माफिया अतीक से रहा टकराव…सीएम योगी की तारीफ करने पर सपा ने निकाला, जानिए कौन हैं पूजा पाल जिनको यूपी बीजेपी ने बनाया उपाध्यक्ष
Newsroompost-Hindi June 25, 2026 05:42 PM

लखनऊ। यूपी बीजेपी की नई टीम का एलान कर दिया गया है। यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी की टीम में पूजा पाल को भी अहम जिम्मेदारी देते हुए उपाध्यक्ष बनाया गया है। पूजा पाल यूपी के कौशांबी जिले की चैल विधानसभा सीट से विधायक हैं। पूजा पाल समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर आई थीं, लेकिन माफिया अतीक अहमद की मौत के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने पर समाजवादी पार्टी ने उनको 2025 में निष्कासित कर दिया था।

माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ (बाएं) पर पूजा के पति राजू पाल (दाएं) की हत्या का आरोप लगा था।

पूजा पाल ने यूपी विधानसभा में अपने पति और बीएसपी के विधायक रहे राजू पाल की हत्या का जिक्र किया था। पूजा पाल लंबे समय से अपने पति की हत्या के आरोपी अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ के खिलाफ कानूनी जंग लड़ती रहीं। उन्होंने अतीक और उसके गैंग के खिलाफ सीएम योगी के अपनाए सख्त रवैये की तारीफ करते हुए न्याय दिलाने के लिए धन्यवाद दिया था। सपा ने इसकी वजह से जब पूजा पाल को निष्कासित कर दिया, तो बीजेपी ने उनको साथ लिया और अब पूजा पाल को वो पद मिला है, जो शायद समाजवादी पार्टी में उनको कभी नहीं मिलता।

समाजवादी पार्टी की विधायक चुने जाने से पहले पूजा पाल बीएसपी के टिकट पर दो बार विधायक बनी थीं। राजू पाल की हत्या के बाद मायावती ने पूजा पाल को साल 2007 में विधानसभा चुनाव का टिकट दिया था। तब पूजा पाल इलाहाबाद पश्चिम (उस वक्त प्रयागराज पश्चिम) विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार यूपी विधानसभा पहुंची थीं। इसके बाद बीएसपी ने साल 2012 में इसी सीट से पूजा पाल को टिकट दिया और पूजा पाल ने दोबारा सीट जीत ली थी। पूजा पाल के पति राजू पाल की 25 जनवरी 2005 को प्रयागराज के धूमनगंज में गोलियां मारकर हत्या की गई थी। पूजा की शादी के सिर्फ 9 दिन ही हुए थे, जब उनको पति की जुदाई का बड़ा गम झेलना पड़ा। अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ पर इसलिए राजू पाल की हत्या का आरोप लगा, क्योंकि राजू पाल ने इलाहाबाद पश्चिम सीट से अशरफ को विधानसभा चुनाव में हराया था। इस मामले में लखनऊ के सीबीआई कोर्ट ने मार्च 2024 में 7 आरोपियों को दोषी करार दिया था।

The post Who Is Pooja Pal In Hindi: माफिया अतीक से रहा टकराव…सीएम योगी की तारीफ करने पर सपा ने निकाला, जानिए कौन हैं पूजा पाल जिनको यूपी बीजेपी ने बनाया उपाध्यक्ष appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.