जबलपुर: ऋतिक के सिर में गोली, मुस्कान के गर्दन पर घाव, कार में खून से सनी मिलीं इनकी लाशें
TV9 Bharatvarsh June 25, 2026 05:43 PM

Jabalpur Double Death Mystery: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया. यहां सुनसान सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर युवक और युवती की खून से सनी लाशें मिलने से लोग हैरान रह गए. कार के अंदर का दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए. युवक के सिर में गोली लगी थी, जबकि युवती की गर्दन पर गहरे घाव मिले हैं. इसके अलावा कार के अंदर से एक पिस्टल भी बरामद हुई है.

घटना अशोकनगर जिले के ईसागढ़ रोड स्थित महाना गांव के पास की बताई जा रही है. सुबह पुलिस को सड़क किनारे एक संदिग्ध कार खड़ी होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार का दरवाजा खोला तो अंदर युवक और युवती के शव मिले. ड्राइविंग सीट पर युवक का शव पड़ा था, जबकि उसके बगल वाली सीट पर युवती मृत अवस्था में थी. कार के अंदर चारों तरफ खून फैला हुआ था.

ऋतिक के सिर में गोली लगी थी

मृतकों की पहचान अशोकनगर निवासी 26 वर्षीय ऋतिक सोनी और 24 वर्षीय मुस्कान जैन के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि ऋतिक के सिर में गोली लगी थी. उसके चेहरे पर जलने जैसे निशान भी पाए गए हैं. वहीं मुस्कान की गर्दन पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. पुलिस के मुताबिक कार से मिली पिस्टल इस पूरे मामले में अहम सुराग हो सकती है.

पुलिस फिलहाल इस मामले को हत्या, आत्महत्या या किसी साजिश समेत सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है. टीम ने मौके से कई सबूत जुटाए हैं और कार को भी जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है.

जिम जाने की बात कहकर निकली थी मुस्कान

परिजनों के अनुसार, मुस्कान बुधवार दोपहर घर से जिम जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी. इसके बाद परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की और कोतवाली थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. वहीं ऋतिक भी घर से निकला था और उसका भी कोई पता नहीं चल पाया था.

दोनों परिवारों की शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. जांच के दौरान दोनों मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन ईसागढ़ रोड के आसपास मिली. इसके बाद पुलिस टीम इलाके में तलाश करते हुए महाना गांव के पास पहुंची, जहां सड़क किनारे खड़ी कार से दोनों के शव बरामद हुए.

ऋतिक कुछ समय पहले इंदौर से अशोकनगर लौटा था. परिजनों ने बताया कि ऋतिक और मुस्कान की पहचान इंदौर में नौकरी के दौरान हुई थी. दोनों पहले एक ही कंपनी में काम कर चुके थे. पुलिस अब दोनों के पुराने संबंधों, कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और हाल के संपर्कों की जांच कर रही है.

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. हालांकि दोनों परिवार इस मामले को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं. उनका आरोप है कि यह सुनियोजित हत्या हो सकती है और इसमें किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता. फिलहाल अशोकनगर का यह डबल डेथ मिस्ट्री केस पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.