राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल (RSOS) ने मार्च-मई 2026 सत्र की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जारी कर दिया है. लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे 83 हजार से अधिक स्टूडेंट्स को अब अपने नतीजे देखने का अवसर मिल गया है. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जयपुर स्थित एकलव्य भवन के माधव सभागार से परिणाम घोषित किया. छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर एनरोलमेंट नंबर और जन्मतिथि की मदद से अपना रिजल्ट देख सकते हैं.
वेबसाइट पर ऐसे देखें रिजल्टराजस्थान ओपन स्कूल के छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं. इसके लिए पहले वेबसाइट के होमपेज पर अपनी कक्षा का चयन करें. इसके बाद एनरोलमेंट नंबर, जन्मतिथि और सुरक्षा कोड दर्ज कर सबमिट करें. इसके बाद फिर रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देने लगेगा, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है.
अप्रैल से मई तक हुई थीं परीक्षाएंRSOS की स्ट्रीम-1 परीक्षाएं 23 अप्रैल से 20 मई 2026 तक आयोजित की गई थीं. प्रदेशभर के 328 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई. इस बार बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जो किसी कारणवश रेगुलर एजुकेशन पूरी नहीं कर पाए थे या अन्य बोर्डों की परीक्षा में सफल नहीं हो सके थे.
ओपन स्कूल में फेल नहीं माना जाता छात्र?राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की विशेष व्यवस्था के तहत किसी भी छात्र को सीधे फेल घोषित नहीं किया जाता. विद्यार्थी या तो पूर्ण रूप से पास होते हैं या आंशिक रूप से पास. अगर किसी विषय में आवश्यक अंक नहीं मिलते हैं तो छात्र को उस विषय की परीक्षा दोबारा देने का मौका मिलता है. इससे विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव कम पड़ता है.
रीइवेल्यूएशन का मिलेगा मौकारिजल्ट जारी होने के बाद रीइवेल्यूएशन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी. जो विद्यार्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वो ऑनलाइन आवेदन कर आंसर शीट्स की दोबारा जांच करवा सकेंगे.
पिछले साल कैसा रहा था प्रदर्शन?वर्ष 2025 में RSOS की 10वीं परीक्षा का पास प्रतिशत 46.1 और 12वीं का 49.1 प्रतिशत रहा था. दोनों कक्षाओं में छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर दर्ज किया गया था.