TRP Report Week 24: 'अनुपमा' को लगा झटका, 'नागिन 7' की धमाकेदार विदाई, टॉप 20 TV शोज की टीआरपी लिस्ट
TV9 Bharatvarsh June 25, 2026 07:43 PM

TV Serials TRP Report: छोटे पर्दे के दर्शकों के लिए हफ्ते का वो दिन आ गया है, जिसका सबको बेसब्री से इंतजार रहता है. बार्क (BARC India) ने साल 2026 के 24वें हफ्ते की टीआरपी रेटिंग जारी कर दी है. इस हफ्ते की टीआरपी लिस्ट में कई उलटफेर देखने को मिल रहे हैं. जहां कुछ शोज ने अपनी गद्दी बचाए रखी है, वहीं कुछ बड़े सीरियल को तगड़ा झटका लगा है. हमेशा की तरह इस बार भी रेस काफी दिलचस्प है. आइए देखते हैं कि इस हफ्ते आपके पसंदीदा शोज ने टीआरपी की रेस में क्या कमाल दिखाया है और कौन नंबर वन बना है.

इस हफ्ते भी टीआरपी चार्ट में ‘गंगा माई की बेटियां’ का शानदार प्रदर्शन जारी है. इस शो ने एक बार फिर से नंबर 1 की पोजीशन पर अपना कब्जा जमाए रखा है और इसे हिला पाना फिलहाल किसी के लिए आसान नहीं लग रहा है. वहीं दूसरी तरफ, ‘वसुधा’ ने अपनी धाक जमाते हुए दूसरे नंबर पर कब्जा किया है, जबकि ‘तुम से तुम तक’ बेहद मामूली अंतर से तीसरे नंबर पर टिका हुआ है.

‘नागिन 7’ की धमाकेदार विदाई

एकता कपूर के सुपरहिट सुपरनैचुरल शो ‘नागिन 7’ का इस हफ्ते ग्रैंड फिनाले था. शो ने अपने आखिरी एपिसोड में 1.6 की शानदार रेटिंग हासिल की और चौथे पायदान पर रहकर अपनी कहानी को अलविदा कहा. इसके साथ ही, सदाबहार शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ ने एक बार फिर अपना दम दिखाते हुए टॉप 5 की लिस्ट में जगह पक्की कर ली है.

टीआरपी लिस्ट

‘अनुपमा’ को लगा झटका, टॉप 10 से बाहर हुआ ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’

सबसे बड़ा झटका स्टार प्लस के मशहूर शो ‘अनुपमा‘ को लगा है, जो इस बार खिसककर छठे नंबर पर आ गया है. वहीं लाफ्टर शेफ्स ने जबरदस्त वापसी करते हुए सातवें नंबर पर छलांग लगाई है. ‘जगद्धात्री’ आठवें पायदान पर है, जबकि ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ ने धमाकेदार री-एंट्री मारते हुए नौवां स्थान हासिल किया है. ‘उड़ने की आशा’ दसवें नंबर पर रहकर टॉप 10 को पूरा कर रहा है. हैरान करने वाली बात ये है कि ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है‘ अपनी ठीक-ठाक रेटिंग के बावजूद टॉप 10 की रेस से बाहर होकर 11वें नंबर पर पहुंच गया है.

इस लिस्ट से बाहर की बात करें तो ‘मन्नत’ एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने में नाकाम रहा और टॉप 20 में जगह नहीं बना पाया. वहीं ज़ी टीवी के नए शुरू हुए शो ‘तू ही रे दिल में’ ने 0.7 की रेटिंग के साथ 28वें नंबर से अपने सफर की शुरुआत की है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.