एक समय था जब देश में सबसे महंगा रियल एस्टेट केवल दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे महानगरों में माना जाता था, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है. राम मंदिर, जगन्नाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर जैसे बड़े धार्मिक और पर्यटन प्रोजेक्ट्स ने देश के कई धार्मिक शहरों को नया रियल एस्टेट हॉटस्पॉट बना दिया है. कुछ धर्मस्थल वाले शहरों में घर खरीदने और किराए पर लेने की लागत राजधानी दिल्ली के चुनिंदा इलाकों के बराबर या उससे भी ज्यादा पहुंच रही है. दिल्ली के दक्षिणी हिस्से के पॉश इलाके साकेत में 900 वर्गफुट का एक 2BHK फ्लैट करीब 55 लाख रुपये में मिल रहा है. वहीं, अयोध्या में 2BHK फ्लैट की औसत कीमत 90 लाख रुपये है. वाराणसी में भी दाम दिल्ली के मुकाबले ज्यादा हैं. वहां भी फ्लैट की कीमत 70 लाख रुपये के पार हो गई है.
Magicbricks के डेटा के मुताबिक, दिल्ली के मुकाबले धार्मिक शहरों में कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं. राम मंदिर उद्घाटन के बाद अयोध्या देश के सबसे तेजी से बढ़ते रियल एस्टेट बाजारों में शामिल हो गया है. नए एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन अपग्रेड के बाद शहर को निवेशकों की पसंद बना दिया है. यही वजह है कि अब यहां 2BHK फ्लैट की कीमत 90 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है. यानी घर खरीदने के मामले में अयोध्या अब दक्षिण दिल्ली के कई इलाकों से भी आगे निकल चुका है.
जगन्नाथ धाम के आसपास बढ़ी निवेशकों की भीड़अयोध्या ही नहीं ओडिशा का पुरी शहर पहले केवल धार्मिक पर्यटन के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यहां होटल, होम-स्टे और हॉलिडे होम निवेश तेजी से बढ़ रहा है. जगन्नाथ मंदिर और समुद्री पर्यटन के चलते यहां रेसीडेंशियल मांग बढ़ा दी है. शहर में 2BHK फ्लैट की कीमत 70 से 85 लाख रुपये तक पहुंच गई है.
सोर्स- Magicbricks
वाराणसी में भी धार्मिक पर्यटन के कारण प्रॉपर्टी बाजार में बड़ा उछाल आया है. Magicbricks पर दासेपुर स्थित श्री साई सिटी में 605 वर्गफुट का 2BHK फ्लैट 70 लाख रुपये में लिस्टेड है. इसी प्रोजेक्ट में कई फ्लैट 65-68 लाख रुपये के बीच उपलब्ध हैं. काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, बेहतर सड़क नेटवर्क और पर्यटन में बढ़ोतरी के चलते वाराणसी अब निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है.
गोरखपुर भी पीछे नहींगोरखनाथ मंदिर और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और गोरखनाथ मंदिर के चलते गोरखपुर का बाजार भी गर्म है. Magicbricks के डेटा के मुताबिक गोरखनाथ इलाके में 640 वर्गफुट का 2BHK मकान 57 लाख रुपये में उपलब्ध है. यानी प्रति वर्गफुट कीमत करीब 8,900 रुपये बैठती है, जो कई बड़े शहरों के बराबर है. साथ ही गोरखपुर यूनिवर्सिटी होने के चलते रूम के किराया भी ठीक-ठाक महंगा है.
क्यों बढ़ रही हैं कीमतें?दिल्ली के साकेत जैसे विकसित इलाके में जहां 2BHK फ्लैट का महीने का किराया करीब 49 हजार रुपये तक पहुंच चुका है, वहीं धार्मिक शहर भी तेजी से इस स्तर के करीब पहुंच रहे हैं. अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद 2BHK फ्लैट का किराया 20 से 30 हजार रुपये महीने, पुरी में 15 से 25 हजार रुपये और वाराणसी में 18 से 30 हजार रुपये तक पहुंच गया है. गोरखपुर में भी 2BHK मकानों का किराया 15 से 22 हजार रुपये के बीच देखा जा रहा है. इससे साफ है कि धार्मिक पर्यटन और बढ़ते निवेश की वजह से इन शहरों का किराया बाजार अब केवल स्थानीय मांग पर नहीं, बल्कि देशभर से आने वाले निवेशकों और श्रद्धालुओं की जरूरतों पर भी आधारित हो गया है.
कभी राजधानी दिल्ली को देश के सबसे महंगे रियल एस्टेट बाजार का प्रतीक माना जाता था, लेकिन अब धार्मिक पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश ने कई तीर्थ शहरों को ऐसी रफ्तार दे दी है कि वे कीमतों के मामले में दिल्ली को चुनौती देने लगे हैं. आने वाले वर्षों में यह अंतर और कम होता दिख सकता है.
यह भी पढ़ें- लोकेशन शानदार, फिर भी नोएडा के इन इलाकों में न खरीदें फ्लैट; अथॉरिटी ने दी चेतावनी