'दीवाना' के लिए शाहरुख खान नहीं अरमान कोहली थे पहली पसंद, 11 हजार रुपये में ऐसे हुई थी SRK की कास्टिंग
TV9 Bharatvarsh June 25, 2026 11:43 PM

Shah Rukh Khan Deewana Trivia: बॉलीवुड के बादशाह कहे जाने वाले शाहरुख खान को हिंदी सिनेमा में कदम रखे 34 साल हो चुके हैं. 25 जून 1992 को आई ‘दीवाना’ उनकी डेब्यू फिल्म थी. हालांकि, ऋषि कपूर और दिव्या भारती के साथ इस फिल्म क लिए पहली पसंद शाहरुख नहीं बल्कि अरमान कोहली थे. हालांकि, किसी वजह से अरमान ने ये फिल्म छोड़ दी थी. अरमान कोहली के फिल्म से अलग होने के बाद ‘दीवाना’ के प्रोड्यूसर गुड्डू धनोआ परेशान हो चुके थे कि अब किसे कास्ट किया जाए. उसके बाद शेखर कपूर ने उन्हें शाहरुख के नाम का सुझाव दिया था.

न्यूज9 डिजिटल को दिए इंटरव्यू में गुड्डू धनोआ ने शाहरुख खान की कास्टिंग पर बात की है. उन्होंने कहा, “अरमान के फिल्म छोड़ने के बाद मुझे समझ नहीं आ रहा था कि किसे कास्ट करूं. शेखर कपूर ने कहा कि शाहरुख खान को ले लो. मैंने उनसे पूछा कि कौन शाहरुख खान? उन्होंने कहा कि ‘फौजी’ वाला नया लड़का. मैंने वो टीवी शो देखा था, लेकिन मुझे शाहरुख का चेहरा याद नहीं था. मैं उस समय मद्रास में था. वहां से लौटने के बाद मैंने शाहरुख को फोन किया. उन्होंने मुझे दिल्ली मिलने के लिए बुलाया. मैं और राज कंवर (डायरेक्टर) दिल्ली गए. वहां कनॉट प्लेस के एक रेस्टोरेंट हम उनसे मिले. मैंने राज कंवर से पूछा कि यही शाहरुख हैं. उन्होंने कहा- हां, तो मैंने कहा- डन. शाहरुख को देखते ही मुझे ‘फौजी’ और ‘सर्कस’ टीवी शोज की याद आ गई.”

पांच फिल्में कर रहे थे शाहरुख खान

गुड्डू धनोआ ने आगे बताया कि जब उन्होंने शाहरुख को फिल्म के बारे में बताया तो शाहरुख ने कहा कि उनके पास अभी डेट्स नहीं है. उनका कहना था कि वो अभी पांच फिल्में कर रहे हैं. ‘राजू बन गया जेंटलमैन’, ‘दिल आशना है’, ‘चमत्कार’, ‘कभी हां कभी ना’ और ‘किंग अंकल’. जब गुड्डी धनओ ने शाहरुख से एक बार फिल्म की कहानी सुनने को कहा तो शाहरुख ने उन्हें अगले दिन अपने घर पर मिलने के लिए बुलाया.

ऋषि कपूर के साथ काम करना चाहते थे शाहरुख

अगले दिन गुड्डू धनोआ उनके घर पहुंचे. उन्हें फिल्म का फर्स्ट हाफ सुनाया, लेकिन फर्स्ट हाफ में शाहरुख का किरदार नहीं था. लंच के बाद दूसरे हाफ का नैरेशन हुआ. उसके बाद शाहरुख ने कहा कि गुड्डू मैं आपकी फिल्म कर रहा हूं. ये एक अच्छा सब्जेक्ट है और चिंटू जी (ऋषि कपूर) के साथ मैं काम करना चाहता हूं. मैं उन्हें काफी पसंद करता हूं.

ये भी पढ़ें-

तेलुगु फिल्म का OTT पर रिकॉर्ड, प्रोजेक्ट हेल मैरी-माइकल जैसी हॉलीवुड फिल्म को पछाड़ा

अनुपमा को लगा झटका, नागिन 7 की धमाकेदार विदाई, टॉप 20 TV शोज की टीआरपी लिस्ट

11 हजार रुपये का साइनिंग अमाउंट

गुड्डू धनुओ ने बताया, “शाहरुख ने मुझे कहा कि जब किसी और फिल्म की डेट कैंसिल होगी, तभी मुझे डेट दे पाएंगे. मैंने उन्हें साइनिंग अमाउंट के तौर पर 8 हजार रुपये कैश और 3 हजार का चेक दिया था. टोटल 11 हजार. कुछ दिनों बाद उन्होंने फोन करके बताया कि उनका शेड्यूल कैंसिल हो गया है और उनके पास 20 दिन खाली हैं. उन्होंने पूछा कि हम कब शूट कर सकते हैं. मैंने उनसे कहा कि हम अगले दिन से ही शूटिंग शुरू कर सकते हैं. हमने जल्द ही शूटिंग शुरू कर दी और शाहरुख के साथ 20 दिन का शेड्यूल पूरा किया.”

इनपुट- भारती के. दुबे

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.