कौन सी गाड़ी से सिया के साथ लोहगढ़ किले गया था केतन….किसने कराई थी सगाई?
TV9 Bharatvarsh June 27, 2026 07:43 PM

Pune Ketan Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं. इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर और मुख्य आरोपी सिया गोयल के साथ अपनी लाल रंग की लग्जरी इलेक्ट्रिक कार में दिखाई दे रहा हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो केतन ने खुद अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था.

वीडियो में कार का प्रीमियम मूनरूफ खुलता हुआ दिखाई देता है. जांच में सामने आया है कि नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने के बाद केतन अक्सर सिया को लॉन्ग ड्राइव पर ले जाता था और इस दौरान दोनों कई निजी वीडियो रिकॉर्ड करते थे. पुलिस का कहना है कि 18 जून को भी दोनों इसी महिंद्रा इलेक्ट्रिक कार (रजिस्ट्रेशन नंबर MH-14-MS-2700) से लोनावला स्थित लोहगढ़ किले पहुंचे थे, जहां बाद में केतन की हत्या कर दी गई. पुलिस का कहना है कि केतन को इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा.

किसके नाम पर रजिस्टर्ड है कार?

आरटीओ रिकॉर्ड के मुताबिक यह कार केतन विशाल अग्रवाल के नाम पर रजिस्टर्ड है. वाहन पर दो लंबित ट्रैफिक ई-चालान भी मिले हैं, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इनका हत्या की साजिश से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं मिला है. इसके बावजूद कार की मूवमेंट, टोल प्लाजा और सीसीटीवी फुटेज की मदद से विस्तृत टाइमलाइन तैयार की जा रही है.

कहां-कहां हुआ था केतन की कार का चालान?

पहला ई-चालान 5 फरवरी 2026 को मुंबई के माटुंगा इलाके में रेड सिग्नल जंप करने पर 500 रुपये का जारी किया गया था. वहीं दूसरा ई-चालान 19 मई 2026 को पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में रेड लाइट उल्लंघन के लिए 1500 रुपये का जारी किया गया था.

किसने कराया था शादी का रिश्ता?

नरेंद्र मित्तल, केतन के पिता विशाल अग्रवाल के मामा हैं. उन्होंने ही सिया का रिश्ता केतन के लिए सुझाया था. सिया, नरेंद्र मित्तल के साले की बेटी है. नरेंद्र मित्तल से भी पूछताछ की गई, जिन्होंने दोनों परिवारों का परिचय शादी के लिए कराया था. उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें सिया और चेतन के कथित संबंधों की कोई जानकारी नहीं थी और उन्होंने कभी ऐसी घटना की कल्पना भी नहीं की थी.

मित्तल ने अपने बयान में कहा कि उनकी भूमिका केवल दोनों परिवारों का परिचय कराने और शादी के उद्देश्य से उनकी मुलाकात करवाने तक सीमित थी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिया और चेतन चौधरी के बीच किसी प्रकार के संबंधों की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी. उनके अनुसार, सिया और केतन दोनों ही संस्कारी, विनम्र और अच्छे स्वभाव के थे.

दोनों आरोपियों को लोहगढ़ किले ले गई थी पुलिस

सूत्रों के अनुसार, लोनावला ग्रामीण पुलिस ने हाल ही में मुख्य आरोपी सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी को बेहद गोपनीय तरीके से लोहगढ़ किले ले जाकर घटनास्थल का रीक्रिएशन कराया. पुलिस ने दोनों से अलग-अलग रास्तों की जानकारी ली, जिनसे वह कथित तौर पर किले तक पहुंचे थे. पुलिस सुबह करीब 11 बजे दोनों आरोपियों को लोहगढ़ किले की तलहटी में लेकर गई थी.

दोनों ने डिलीट कर दिए थे चैट

जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद सिया और चेतन ने कुछ दिनों तक एक-दूसरे से नहीं मिलने की योजना बनाई थी ताकि किसी को उन पर शक न हो. दोनों ने कथित रूप से अपनी मोबाइल चैट भी डिलीट कर दी थी. पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि डिलीट किए गए मैसेज को रिकवर किया जा सके.

अब सिया के माता-पिता का दर्ज होगा बयान

पुलिस ने सिया के भाई साहिल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की है. अब सिया के माता-पिता को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है. डिजिटल साक्ष्य, फोरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें – केतन की हत्या करने वाला चेतन कौन… सिया से कहां हुई थी मुलाकात?

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.