एमपीएससी ने ग्रुप सी भर्ती 2026 के तहत 2,619 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसके साथ ही आयोग ने 2027 से लागू होने वाले महाराष्ट्र राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के पैटर्न में भी बड़ा बदलाव करने की घोषणा की है. इच्छुक उम्मीदवार 27 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन की लास्ट डेट 17 जुलाई 2026 तय की गई है. इस भर्ती के माध्यम से राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में खाली पदों को भरा जाएगा. वहीं, मेंस परीक्षा से वैकल्पिक विषयों को हटाने का फैसला अभ्यर्थियों के लिए अहम माना जा रहा है, जिससे परीक्षा प्रणाली ज्यादा सरल और समान हो जाएगी.
इन पदों पर होगी नियुक्तिइस भर्ती अभियान के तहत महाराष्ट्र सरकार के अलग-अलग विभागों में ग्रुप सी के पद भरे जाएंगे. इनमें टैक्स असिस्टेंट, क्लर्क-टाइपिस्ट, इंडस्ट्री इंस्पेक्टर सहित कई अन्य पद शामिल हैं. भर्ती प्रक्रिया का पहला चरण कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) होगा, जो राज्य के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. प्रिलिम्स परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवार अगले चयन चरण में शामिल होंगे.
2027 से मुख्य परीक्षा में नहीं होंगे वैकल्पिक विषयभर्ती नोटिफिकेशन के साथ एमपीएससी ने महाराष्ट्र राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में बड़ा बदलाव करने की घोषणा भी की है. आयोग के अनुसार, वर्ष 2027 से समूह ए और समूह बी की मुख्य परीक्षा में वैकल्पिक विषयों के प्रश्नपत्र समाप्त कर दिए जाएंगे. अभी तक उम्मीदवारों को दो वैकल्पिक विषयों के पेपर देना अनिवार्य था, लेकिन नई व्यवस्था में यह नियम लागू नहीं रहेगा.
आयोग का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, समान और आधुनिक बनाना है. इसके अलावा, कई अन्य राज्यों में भी मुख्य परीक्षा से वैकल्पिक विषयों को पहले ही हटाया जा चुका है. ऐसे में महाराष्ट्र ने भी इसी दिशा में कदम बढ़ाया है, जिससे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा प्रक्रिया अधिक सरल और एकरूप हो सके.