भारतीय रेलवे की जम्मू रेल मंडल ने शनिवार (27 जून, 2026) को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. मंडल ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से चेन्नई के लिए 284 पैकेट ताजा आलूबुखारा को सफलतापूर्वक लोड कर रवाना किया. इसके साथ ही, जम्मूतवी से कोलकाता के लिए लगभग 587 पैकेट यानी करीब 6.1 टन आलूबुखारा भेजा जा चुका है. दरअसल, चेरी और लीची की सफल लोडिंग के बाद अब आलूबुखारा की यह खेप जम्मू-कश्मीर के ताजे फलों को दक्षिण भारत तक पहुंचाने की श्रृंखला में अगला महत्वपूर्ण कदम है.
जम्मू-कश्मीर के किसानों को हो रहा फायदा
जम्मू मंडल की ओर से पार्सल सेवाओं के माध्यम से कश्मीर घाटी के बागवानों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ा जा रहा है. चेरी, लीची के बाद अब आलूबुखारा की यह लगातार लोडिंग दर्शाती है कि रेलवे ताजे और जल्दी खराब होने वाले फलों के परिवहन के लिए सबसे भरोसेमंद और किफायती विकल्प बन रहा है. इससे किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं और उपभोक्ताओं तक ताजे फल समय पर पहुंच रहे हैं.
उपलब्धि पर क्या बोले रेलवे के अधिकारी?
इस उपलब्धि पर जम्मू के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा, ‘कटरा और जम्मूतवी से आलूबुखारा की सफल लोडिंग जम्मू मंडल के लिए एक और मील का पत्थर है. चेरी और लीची के बाद अब आलूबुखारा की लोडिंग से साबित होता है कि हमारे प्रयासों से कश्मीर के किसान सीधे बड़े बाजारों से जुड़ रहे हैं.’
उन्होंने कहा, ‘रेलवे की तरफ से त्वरित बुकिंग, सुरक्षित हैंडलिंग और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है. हमारा लक्ष्य है कि कश्मीर का हर मौसमी फल देश के कोने-कोने तक पहुंचे. व्यापारी और बागवान रेलवे की पार्सल सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘जम्मू मंडल ताजे फलों, सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों के परिवहन के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है. इच्छुक व्यापारी व बागवान अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी स्टेशन पर मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक या मंडल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.’
यह भी पढ़ेंः ABP न्यूज़ पर 'स्पेशल टास्क' सीजन 2 की वापसी, खुलेंगे IC-814 हाईजैक के गहरे राज!