UPSSSC ने जारी किया ASO-ARO मेन्स शॉर्टलिस्टिंग का रिजल्ट, यहां देखें पूरा प्रोसेस
TV9 Bharatvarsh June 28, 2026 09:43 PM

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने असिस्टेंट स्टैटिस्टिकल ऑफिसर (ASO) और असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर (ARO) भर्ती 2026 के लिए मेन्स परीक्षा की शॉर्टलिस्टिंग लिस्ट जारी कर दी है. जिन उम्मीदवारों का चयन हुआ है, वो अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण यानी मेन्स लिखित परीक्षा में शामिल होंगे. इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1,565 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. पहले इन पदों की संख्या 929 थी, जिसे बाद में बढ़ा दिया गया. उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना शॉर्टलिस्टिंग रिजल्ट देख सकते हैं और आगे की प्रक्रिया से जुड़े अपडेट पर नजर बनाए रखें.

आयोग ने यह रिजल्ट 27 जून 2026 को घोषित किया. जिन अभ्यर्थियों का नाम इस लिस्ट में शामिल है, वो अब मेन्स लिखित परीक्षा में शामिल होने के एलिजिबल होंगे.

929 से बढ़ाकर किए गए 1,565 पद

यह भर्ती विज्ञापन संख्या 05-परीक्षा/2026 के तहत निकाली गई थी. इसका नोटिफिकेशन 20 मार्च 2026 को जारी किया गया था. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 अप्रैल से 11 मई 2026 तक चली. आवेदन के लिए फीस जमा करने की लास्ट डेट भी 11 मई थी, जबकि आवेदन में संशोधन की सुविधा 18 मई तक उपलब्ध कराई गई थी. शुरुआत में 929 पद घोषित किए गए थे, लेकिन बाद में आयोग ने 8 मई 2026 को जारी नोटिस के जरिए कुल रिक्तियों की संख्या बढ़ाकर 1,565 कर दी.

क्वालिफिकेशन और सेलेक्शन प्रोसेस

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास स्टैटिस्टिक्स, मैथ्स, अर्थशास्त्र, कॉमर्स या संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है. अभ्यर्थियों की आयु 1 जुलाई 2026 के आधार पर न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार एड लिमिट में छूट मिलेगी.

भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले UP PET 2025 के स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग की गई है. इसके बाद चयनित अभ्यर्थी मेन्स लिखित परीक्षा देंगे. मेन्स में सफल होने वाले उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन और मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा. सभी चरण पूरे होने के बाद फाइनल चयन लिस्ट जारी की जाएगी.

ऐसे देखें शॉर्टलिस्टिंग रिजल्ट

उम्मीदवार सबसे पहले UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद होमपेज पर उपलब्ध UPSSSC ASO Mains Shortlisting Result 2026 लिंक पर क्लिक करें. स्क्रीन पर शॉर्टलिस्टिंग लिस्ट खुल जाएगी, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है. आयोग की ओर से मेन्स परीक्षा की तारीख और अन्य जरूरी सूचनाएं जल्द जारी की जाएंगी, इसलिए उम्मीदवारों को नियमित रूप से आधिकारिक अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.