Gautam Gambhir: दो खिताब, 3 बार सूपड़ा साफ… 'गुरु गंभीर' के दौर में टीम इंडिया का बिगड़ता हुआ ग्राफ
TV9 Bharatvarsh June 29, 2026 04:42 AM

पिछले 3-4 साल में टी20 क्रिकेट की सबसे मजबूत ताकत बनकर उभरी टीम इंडिया को एक हैरतअंगेज शिकस्त से जूझना पड़ा है. ऐसी शिकस्त, जिसकी कहानी सिर्फ 72 घंटों के अंदर लिखी गई और इन 72 घंटों से पहले तक किसी के दिमाग में एक पल के लिए भी इसकी भनक या अंदाजा या उम्मीद नहीं थी. एक छोटे से क्रिकेट देश आयरलैंड ने टीम इंडिया को टी20 सीरीज में हरा दिया. सिर्फ हराया नहीं दो मैच की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप कर दिया. आयरलैंड ने इस जीत से सिर्फ अपना इतिहास ही नहीं बनाया, बल्कि भारतीय टीम के ग्राफ को बिगाड़ दिया, जो पिछले 2 साल से कोच गौतम गंभीर के कार्यकाल में अलग-अलग स्तर पर गिरा है.

जो नहीं सोचा, गंभीर काल में वो सब हुआ

बेलफास्ट में जब 26 जून को आयरलैंड ने जब टीम इंडिया को पहले मैच में हराया तो ये पहली बार था जब उसे भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में जीत मिली थी. मगर तब भी शायद ही किसी ने सोचा होगा कि 2 दिन बाद आयरिश टीम मौजूदा टी20 वर्ल्ड चैंपियन (लगातार 2 बार) का सूपड़ा साफ कर देगी. मगर ये हुआ और ये नतीजा उतना ही बुरा है, जितना पिछले साल साउथ अफ्रीका और उससे एक साल पहले न्यूजीलैंड के हाथों टेस्ट सीरीज में सूपड़ा साफ. या शायद इससे भी बुरा.

जब से (जुलाई 2024) गौतम गंभीर टीम इंडिया के कोच बने हैं, तब से टीम इंडिया ने अलग तरह का क्रिकेट खेला है और अजीबोगरीब नतीजे देखे हैं. वाइट बॉल क्रिकेट, खास तौर पर टी20 फॉर्मेट में उन्होंने भारतीय टीम को एक ताकत में बदल दिया. जिस खिलाड़ी पर दांव खेला, वो सही बैठा. एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप 2026 इस सफलता का प्रमाण हैं. 2 साल से कोई टी20 सीरीज टीम इंडिया नहीं हारी, ये भी उसका प्रमाण है. साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (वनडे खिताब) की सफलता सोने पर सुहागा जैसी है.

गुरु गंभीर की कोचिंग का चिट्ठा
  • मगर इन सफलताओं के अलावा नाकामियों का ऐसा दौर टीम इंडिया ने देखा, जो पिछले 2 दशक में असंभव सा ही था. अगर याददाश्त धुंधली पड़ गई हो तो उसे ताजा करने का वक्त है-
  • आयरलैंड के खिलाफ पहली बार टीम इंडिया ने किसी भी फॉर्मेट में मैच गंवाया और फिर सीरीज भी गंवा दी.
  • 2023 में आयरलैंड दौरे पर 2-0 से जीत के से लेकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 तक, लगातार 16 सीरीज और टूर्नामेंट में अजेय रहने के बाद पहली बार टीम इंडिया कोई टी20 सीरीज हारी है.
  • 2019 के बाद पहली बार किसी टीम ने टी20 बाइलेटरल सीरीज में भारत का क्लीन स्वीप किया है.
  • 2024 में टेस्ट सीरीज का पहला मैच जीतते ही न्यूजीलैंड ने 36 साल बाद भारत में कोई टेस्ट मैच जीतने में सफलता हासिल की.
  • मगर सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड ने लगातार तीनों मैच जीतकर क्लीन स्वीप कर दिया, जो न्यूजीलैंड की भारत में पहली सीरीज जीत थी.
  • न्यूजीलैंड की जीत के साथ ही 2011 के बाद पहली बार भारत को घर में कोई टेस्ट सीरीज में मुंह की खानी पड़ी.
  • क्रिकेट इतिहास में ये पहला मौका था, जब किसी टीम ने टीम इंडिया को घर में ही कम से कम 3 टेस्ट की सीरीज में क्लीन स्वीप किया.
  • न्यूजीलैंड ने इस सीरीज के बेंगलुरु टेस्ट की पहली पारी में भारत को 45 रन पर ढेर किया. पहली बार टीम इंडिया अपने घर पर किसी टेस्ट पारी में 50 रन से कम के स्कोर पर आउट हुई.
  • 1999 के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका ने 2025 में भारत आकर टेस्ट सीरीज जीती और सिर्फ जीती नहीं, 2-0 से क्लीन स्वीप किया.
  • बीते 25 सालों में गंभीर पहले भारतीय कोच बने, जिसके रहते हुए टीम इंडिया ने घर में 2 टेस्ट सीरीज गंवाई.
  • श्रीलंका के हाथों 27 साल के लंबे अंतराल के बाद टीम इंडिया ने वनडे सीरीज गंवाई.
  • न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली बार घर में वनडे सीरीज में भी टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा.
  • © Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.