अभिषेक शर्मा फेल, संजू सैमसन फेल, श्रेयस अय्यर फेल…टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने आयरलैंड में खराब प्रदर्शन की सारी हदें तोड़ दी. नतीजा टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में शर्मनाक हार मिली. आयरलैंड ने बेलफास्ट में खेले गए दोनों टी20 जीतकर टीम इंडिया का क्लीन स्वीप कर दिया. पहली बार टीम इंडिया आयरलैंड से कोई मैच और सीरीज हारी. बड़ी बात ये है कि सीरीज के दोनों मैचों में वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिला. इस खिलाड़ी के नाम पर भारत-आयरलैंड सीरीज का पूरा प्रचार किया गया लेकिन सूर्यवंशी बेंच पर बैठे रहे. गजब की बात तो ये है कि आयरलैंड के खिलाफ हार के बावजूद टीम इंडिया इस खिलाड़ी को फिलहाल मौका नहीं देने का फैसला कर चुकी है और ये बात टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रायन टेन डेस्काथे ने कही है.
वैभव सूर्यवंशी को फिलहाल मौका नहीं मिलेगा?रायन टेन डेस्काथे ने आयरलैंड के खिलाफ मिली सनसनीखेज हार के बाद कहा कि वैभव सूर्यवंशी इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हैं लेकिन उन्हें फिलहाल मौके का इंतजार करना होगा. डेस्काथे ने कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए बिल्कुल तैयार हैं लेकिन आप संजू सैमस को बाहर नहीं कर सकते. उन्होंने हमें वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका अदा की. हम खिलाड़ियों को लंबा मौका देना चाहते हैं. वैभव सूर्यवंशी को मौके का इंतजार करना होगा.’
इंग्लैंड सीरीज में नहीं खेलेंगे सूर्यवंशी?भारत को अब इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. पहला मैच 1 जुलाई को होगा और इस मुकाबले में भी वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका शायद ही मिलेगा. अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी ने आयरलैंड में भले ही फ्लॉप प्रदर्शन किया हो लेकिन टीम इंडिया इन दोनों को लंबा मौका देने का मन बना चुकी है और इसकी वजह उनका प्रदर्शन भी है. हालांकि इन दोनों खिलाड़ियों ने बतौर ओपनिंग जोड़ी बेहद ही खराब प्रदर्शन किया है.
वैभव सूर्यवंशी को करना होगा इंतजारटीम इंडिया के पास एक से बढ़कर एक खिलाड़ी हैं ऐसे में वैभव सूर्यवंशी को इंतजार करना ही होगा. बड़ी बात ये है कि वो ओपनर हैं और वो अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों से कंपीट कर रहे हैं. अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज हैं और सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप जिताया है. अच्छी बात ये है कि सूर्यवंशी इस वक्त अच्छी फॉर्म में हैं. इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैच होने हैं. किसी ना किसी मैच में तो उन्हें मौका मिल ही सकता है. अब देखना ये है कि वो मैच कौन सा होगा?