भरत तिवारी एनकाउंटर केस: पुलिस पर FIR और CBI जांच की मांग, आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
TV9 Bharatvarsh June 30, 2026 07:42 AM

बिहार के भोजपुर जिले में शाहपुर के बिलौटी गांव के रहने वाले भरत भूषण तिवारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा. यह याचिका विशाल तिवारी ने दायर की है. इस याचिका में एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए अदालत से गुहार लगाई गई है कि वो इसमें शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने का आदेश जारी करे.

अदालत में याचिका के जरिए कहा गया है कि इस तरह के मामलों में कानून के शासन और लोगों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच जरूरी है. याचिका में यह भी गुहार लगाई गई है कि इस पूरे प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में गठित स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति की निगरानी में कराई जाए.

जांच के तरीकों पर गंभीर सवाल

बता दें कि भरत भूषण तिवारी मौत में पुलिस के कार्रवाई के तरीके और जांच के तरीकों पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं. 18 जून को मृतक भरत तिवारी की मां ने शाहबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शाहपुर के तत्कालीन थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत दी थी.

न्याय की उम्मीदों पर गंभीर सवालिया निशान

परिवार का आरोप है कि पुलिस टालमटोल करती रही. चार दिन बाद जब मीडिया का दबाव बढ़ा तब जाकर मामले में एफआईआर दर्ज की गई. अब इस पूरे संवेदनशील मामले की जांच शाहबाद रेंज के डीआईजी सत्यप्रकाश कर रहे हैं. उनकी जांच प्रक्रिया पर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग लगातार उंगली उठा रहे हैं. बिना ग्राउंड जीरो की पड़ताल और बिना आरोपियों की गिरफ्तारी के हो रही यह जांच, न्याय की उम्मीदों पर गंभीर सवालिया निशान खड़ी करती है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.