Randeep On Salman Khan: सलमान खान की सलाह रणदीप हुड्डा को 'बोरिंग' लगी, बोले- पिता ने भी यही कहा था, मैं ऐसा कभी नहीं करूंगा
TV9 Bharatvarsh June 30, 2026 07:43 PM

Randeep Hooda On Salman Khan Advice: हिंदी सिनेमा में ऐसे कम ही एक्टर होंगे, जो सलमान खान से मिली सलाह को मानने से इनकार करते होंगे. पर रणदीप हुड्डा ने ऐसा किया है. रणदीप ने एक हालिया इंटरव्यू में बताया कि सलमान खान ने उन्हें एक करियर एडवाइस दी थी, जो की एक अच्छी सलाह थी, फिर भी उन्होंने उसे मानने से इनकार कर दिया. उन्होंने बताया कि जो बात सलमान खान ने उनसे कही थी, वही उनके पिता ने भी कही थी. पर रणदीप ने अलग रास्ता चुना, क्योंकि सलमान ने जो सलाह दी थी, वो अगर रणदीप मानते तो मामला बोरिंग हो जाता.

सलमान खान से मिली सलाह का जिक्र करते हुए रणदीप हुड्डा ने हॉलीवुड रिपोर्टर के इंटरव्यू में कहा, “उनकी (सलमान खान) मुख्य सलाह यही थी कि मुझे ऐसे रोल नहीं करने चाहिए जिसमें मैं हीरो की तरह न लगूं. ये एक अच्छी सलाह है…मेरे पिता भी यही बात कहते हैं. फिर उन्होंने कहा ‘तुम्हें एक जैसा ही दिखना चाहिए और एक तरह के रोल ही करने चाहिए’, इससे एक इमेज बनाने में और स्टार बनने में मदद मिलेगी.”

रणदीप ने क्यों नहीं मानी सलाह?

रणदीप हुड्डा को भले ही सलमान और अपने पिता की सलाह पसंद आई, लेकिन उन्होंने उसे फोलो नहीं किया. रणदीप ने बताया कि उन्होंने अलग रास्ता इसलिए चुना क्योंकि उन्हें लगता है कि एक जैसे किरदार निभाना एक वक्त पर जाकर नीरस हो जाएगा. इसकी जगह वो चाहते हैं कि हर प्रोजेक्ट उन्हें नए चैलेंज की तरह लगे और एक परफॉर्मर के तौर पर उनमें और सुधार आए. उन्होंने कहा, “मैंने वो सलाह नहीं मानी क्योंकि मुझे हमेशा ऐसा लगता है कि एक बार बार एक जैसा काम करना बहुत बोरिंग है. ये कुछ ऐसा है जिसे मैं कभी नहीं करना चाहूंगा.”

सलमान और रणदीप की फिल्में

सलमान खान और रणदीप हुड्डा ने एक साथ तीन फिल्मों में काम किया है. पहली बार दोनों साल 2014 में आई ‘किक’ में साथ नज़र आए थे. इसमें रणदीप हुड्डा ने एक पुलिस ऑफिसर का रोल निभाया था. वहीं साल 2016 में आई फिल्म ‘सुल्तान’ में भी रणदीप सलमान के कोच की भूमिका में दिखाई दिए थे. साल 2021 में आई ‘राधे’ में रणदीप हुड्डा ने विलेन का किरदार निभाया था.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.