Exclusive: संजू बाबा का स्वैग और सनी देओल की दहाड़! 'वेलकम 3' के डायरेक्टर की 'बाप' में दिखेगा 80s का असली जलवा, जानें कब तक रिलीज होगी फिल्म
TV9 Bharatvarsh July 01, 2026 01:43 AM

Ahmed Khan On His Next Movie Baap: जरा सोचिए, एक ही फिल्म में अगर सनी देओल का ‘ढाई किलो का हाथ’ हो, संजय दत्त का ‘किलर स्वैग’ हो, मिथुन चक्रवर्ती का आइकॉनिक स्टाइल हो और जैकी श्रॉफ का बिंदास ‘भिडू’ अंदाज हो…तो थिएटर का माहौल कैसा होगा? ये कोई ख्याली पुलाव नहीं है, बल्कि बहुत जल्द दर्शकों का ये सपना बड़े पर्दे पर सच होने जा रहा है. ‘वेलकम टू द जंगल’ की छप्परफाड़ सक्सेस का जश्न मना रहे डायरेक्टर अहमद खान ने टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ की खास बातचीत में बताया कि वो जल्दी ही देसी एक्शन फिल्मों के फैंस को एक बड़ा तोहफा देने वाले हैं.

जब हमने अहमद खान से पूछा कि इंडस्ट्री के लगभग सभी बड़े स्टार्स के साथ काम करने के बाद क्या उनकी कोई ‘विशलिस्ट’ बाकी है? इस पर मुस्कुराते हुए उन्होंने बड़ा ही दिलचस्प जवाब दिया. अहमद ने कहा, “एक फिल्ममेकर की ख्वाहिशें कभी खत्म नहीं होतीं. इंडस्ट्री में नए चेहरे आते रहते हैं, लेकिन जो पुराने उस्ताद हैं, उनकी जगह कोई नहीं ले सकता.”

‘ओजी’ एक्शन सुपरस्टार्स एक फ्रेम में

उन्होंने एक बड़े सीक्रेट से पर्दा उठाते हुए कहा, “हमारी आने वाली फिल्म ‘बाप’, एक ऐसा प्रोजेक्ट है जो सीधे मेरे दिल से जुड़ा है. मेरी और मेरी पत्नी की हमेशा से ये दिली ख्वाहिश थी कि हम 80 के दशक के इन चारों असली ‘ओजी’ एक्शन सुपरस्टार्स को एक ही कैमरे के फ्रेम में लेकर आएं. हमारा मकसद उस असली सिनेमाई एक्शन को वापस लाना है, जिसने भारत में मारधाड़ वाली फिल्मों का ट्रेंड सेट किया था.”

‘बाप’ स्टारकास्ट

VFX नहीं, दिखेगा ‘रॉ और देसी’ एक्शन

अस्सी का दशक बॉलीवुड में एक्शन फिल्मों का गोल्डन एरा माना जाता है. उस दौर में न तो आज जैसी आधुनिक तकनीक थी और न ही वीएफएक्स (VFX) का ज्यादा इस्तेमाल होता था. हीरो अपने एक्सप्रेशंस और दमदार डायलॉग डिलीवरी से ही पर्दे पर गदर मचा देते थे. आज के दौर में जहां सुपरहीरो और भारी भरकम एनिमेशन फिल्मों का बोलबाला है, वहीं ‘बाप’ दर्शकों को उसी पुराने, दमदार और धूल-मिट्टी वाले ‘रॉ’ एक्शन के दौर में वापस ले जाएगी, जिसके लिए सनी देओल और संजय दत्त जाने जाते हैं.

ये भी पढ़ें-

चीन में भारत से 4 गुना ज्यादा थिएटर्स, US भी आगे, यहां बंद हो गए 20 हजार हॉल, देश का सिनेमा कैसे बढ़ेगा आगे?

सलमान खान की सलाह रणदीप हुड्डा को बोरिंग लगी, बोले- पिता ने भी यही कहा था, मैं ऐसा कभी नहीं करूं

अक्टूबर में रिलीज होगी ‘बाप’

इस ग्रैंड प्रोजेक्ट को अहमद खान ने बड़े पैमाने पर प्रोड्यूस किया है, जबकि इसके निर्देशन की कमान विवेक चौहान के हाथों में है. फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन काम लगभग पूरा हो चुका है. अहमद को विश्वास है कि जिस तरह से इस फिल्म को डिजाइन किया गया है, उसे देखकर मेकर्स को पूरा भरोसा है कि अक्टूबर में जब ये चारों लेजेंड्स एक साथ पर्दे पर एंट्री मारेंगे, तो थिएटर्स में सीटियों और तालियों का सैलाब आना तय है. तो बस, कुर्सी की पेटी बांध लीजिए, क्योंकि ये अक्टूबर फुल-टू एक्शन के असली ‘बाप’ के नाम होने वाला है. अहमद ने ये तो बता दिया है कि उनकी ये फिल्म अक्टूबर में रिलीज होगी, लेकिन डेट अनाउंस होना बाकी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.