नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 में फ्रांस ने अपने शानदार अभियान को जारी रखते हुए राउंड ऑफ 32 में स्वीडन को 3-0 से हराया और टूर्नामेंट के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा।
दिदिएर देशॉम्प्स की टीम फीफा विश्व कप के इतिहास में लगातार पांच मैचों में तीन या उससे अधिक गोल करने वाली पहली टीम बन गई। फ्रांस की इस आसान जीत के बाद फीफा ने इस उपलब्धि की पुष्टि करते हुए एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी।
फीफा ने कहा, “फ्रांस फीफा विश्व कप के इतिहास में लगातार पांच मैचों में तीन या उससे अधिक गोल करने वाली पहली टीम बन गई है।”
एमबाप्पे ने फिर दिखाया जलवा
किलियान एमबाप्पे ने एक बार फिर फ्रांस के लिए नेतृत्व करते हुए दो गोल किए और टीम को राउंड ऑफ 16 में पहुंचाया। ब्रैडली बारकोला ने भी गोल किया, जिससे ले ब्लूज़ ने टूर्नामेंट में अपना विजयी क्रम बरकरार रखा।
एमबाप्पे के दो गोलों के साथ उनका फीफा विश्व कप में कुल गोलों का आंकड़ा 18 हो गया। उन्होंने मिरोस्लाव क्लोज़े को पीछे छोड़ते हुए ऑल-टाइम विश्व कप स्कोरिंग सूची में दूसरा स्थान हासिल किया और अब वे केवल लियोनेल मेस्सी से एक गोल पीछे हैं।
फ्रांस ने पहले हाफ में खेल पर पूरी तरह नियंत्रण रखा और आखिरकार बढ़त तब मिली जब एमबाप्पे ने पेनल्टी क्षेत्र में घुसकर गेंद को कोने में दाग दिया।
ब्रेक के बाद स्वीडन के लिए वापसी की संभावना बहुत कम रह गई। माइकल ओलीस ने बारकोला को दूसरा गोल करने में मदद की और फिर एमबाप्पे को एक और असिस्ट दिया, जिन्होंने अपना दूसरा गोल दागते हुए विश्व कप नॉकआउट मैचों में 10 गोल पूरे किए।
देेशॉम्प्स ने टीम की मेहनत पर जताया गर्व
फ्रांस के कोच दिदिएर देशॉम्प्स ने एक और प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद अपने खिलाड़ियों की सराहना की।
देेशॉम्प्स ने कहा, “बहुत गर्व और बहुत भावनाएं हैं। इस मैच से पहले हमने देखा कि बाकी राउंड ऑफ 32 मुकाबले आसान नहीं थे, हमारा भी नहीं, भले ही हमारे पास थोड़ा फायदा था। हम पहले हाफ में और अधिक प्रभावी हो सकते थे, लेकिन हमें अपनी उपलब्धि की सराहना करनी चाहिए।”
अगला नॉकआउट मुकाबला
फ्रांस अब अपने इतिहास में सातवीं बार राउंड ऑफ 16 में पहुंचा है (1986, 1998, 2006, 2014, 2018, 2022 और 2026)। केवल ब्राज़ील ही इस चरण में लगातार अधिक बार पहुँचा है, जबकि फ्रांस की यह निरंतरता उनके बड़े मंच पर स्थायित्व को दर्शाती है।
फ्रांस अब 5 जुलाई को फिलाडेल्फिया में पैराग्वे का सामना करेगा।
आगामी मुकाबले की ओर देखते हुए देेशॉम्प्स ने कहा, “चार दिन में एक और मैच है, और हम इसी के लिए यहां हैं। हम आज की जीत का आनंद लेंगे लेकिन बहुत आगे नहीं सोचेंगे, वरना हमें जल्दी ही वास्तविकता में लौटना पड़ेगा। हमें पैराग्वे के खिलाफ अगले चरण के लिए वही ध्यान और दृढ़ता बनाए रखनी होगी। यह एक शानदार दक्षिण अमेरिकी टीम है, बहुत जुझारू और प्रतिभाशाली। वे यूं ही यहां नहीं हैं। हम इस जीत का आनंद लेंगे और फिर अगले चरण की तैयारी करेंगे।”