Balod Murder Case: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. बालोद थाना क्षेत्र के नेवारीकला गांव में एक महिला ने अपनी ही सौतन की धारदार हथियार से हमला कर कथित तौर पर हत्या कर दी. वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, नेवारीकला गांव निवासी चिमन साहू की दो पत्नियां थीं और दोनों एक ही घर में रहती थीं. बताया जा रहा है कि दोनों महिलाओं के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद और कहासुनी होती रहती थी. परिवार में तनाव लगातार बना हुआ था और अक्सर दोनों के बीच झगड़ा होता था.
सोते समय किया हमलामंगलवार सुबह यही विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि पहली पत्नी अमृता बाई ने उस समय हमला किया, जब दूसरी पत्नी दया बाई घर में सो रही थी. अमृता बाई ने धारदार हथियार से दया बाई पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही बालोद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी अमृता बाई को मौके से ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया. साथ ही मृतका के पति चिमन साहू से भी पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके.
सबूत जुटाने में जुटी पुलिसअतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह दोनों महिलाओं के बीच लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य सबूत भी जुटाए जा रहे हैं.
गांव में दहशत का माहौलइस घटना के बाद नेवारीकला गांव में शोक और दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि दोनों महिलाओं के बीच पहले भी कई बार विवाद हुआ था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा. फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.