पुणे। केतन अग्रवाल की कथित तौर पर की गई हत्या में पुणे ग्रामीण पुलिस लगातार जांच कर रही है। पुणे ग्रामीण पुलिस के लोनावाला थाने में केतन अग्रवाल की हत्या की एफआईआर दर्ज हुई है। इस मामले में पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। लोनावाला थाने की पुलिस जांच के सिलसिले में सिया के घर पहुंची और वहां छानबीन की। इसके अलावा पुलिस पुणे के उस रेस्तरां में भी जांच करने गई, जहां के बारे में कहा जा रहा है कि सिया गोयल और चेतन ने केतन की हत्या की साजिश रची।
पुणे पुलिस को केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में अभी परिस्थिजन्य सबूतों पर ही काम करना पड़ रहा है। इसकी वजह ये है कि केतन को लोहागढ़ किले से 400 फिट खाई में धकेले जाते वक्त का कोई चश्मदीद नहीं है। साथ ही पुलिस को घटना के वक्त का कोई सीसीटीवी फुटेज भी नहीं मिला है। पुणे ग्रामीण पुलिस को लोहागढ़ किले का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है। इस फुटेज में आरोपी चेतन चौधरी हुडी पहने दिख रहा है। पुलिस का कहना है कि 33 डिग्री तापमान वाले दिन चेतन ने हुडी इसलिए पहनी, ताकि वो अपनी पहचान छिपा सके।

सिया और चेतन पर आरोप है कि 18 जून को लोहागढ़ किले में ऊंचाई से दोनों ने केतन अग्रवाल को खाई में धक्का दे दिया। पुलिस सूत्रों ने पहले बताया था कि सिया ने पूछताछ में कहा है कि केतन विग पहनता था और उससे वो शादी नहीं करना चाहती थी। सूत्रों के मुताबिक शादी की खरीदारी का बहाना बनाकर सिया ने केतन से 1 करोड़ रुपए भी लिए थे और इस रकम को कारोबार बढ़ाने के लिए चेतन को दे दिया था। सिया के भाई साहिल गोयल से भी पुलिस पूछताछ कर चुकी है। जिसने बताया कि उसने अपनी बहन को चेतन से रिश्ता तोड़ने के लिए कहा था। वहीं, सिया के माता-पिता का कहना है कि उनको बेटी और चेतन के बीच रिश्ते का पता नहीं था।
The post Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल मामले में इन अहम जगह पहुंची पुलिस, सिया और चेतन के खिलाफ पुख्ता सबूत की तलाश appeared first on News Room Post.