साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 में बोलती है इंग्लैंड की तूती, सेमीफाइनल में आसान नहीं प्रोटियाज टीम की राह
Indias News Hindi July 02, 2026 05:43 PM

New Delhi, 2 जुलाई . महिला टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच Thursday को लंदन के केनिंग्टन ओवर मैदान पर खेला जाना है. क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में मेजबान टीम का साउथ अफ्रीका के खिलाफ बोलबाला रहा है.

टी20 इंटरनेशनल में साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 28 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें से 23 मुकाबले इंग्लैंड ने जीते हैं, जबकि सिर्फ 5 मैचों में प्रोटियाज टीम को जीत नसीब हुई है. यानी इस फॉर्मेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड का पूरी तरह से दबदबा रहा है.

हालांकि, साल 2023 में खेले गए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को धूल चटाई थी. वहीं, 2025 में हुए वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में भी इंग्लिश टीम साउथ अफ्रीका से पार नहीं पा सकी थी. साउथ अफ्रीका अपने इसी प्रदर्शन को दोहराने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.

इंग्लैंड ने इस विश्व कप में अब तक शानदार क्रिकेट खेली है. ग्रुप स्टेज के पांचों मुकाबले जीतकर इंग्लैंड ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया है. बल्लेबाजी में डैनी व्याट का प्रदर्शन लाजवाब रहा है. वह 5 मुकाबलों में 94 की औसत और 153 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 282 रन बना चुकी हैं. वहीं, गेंदबाजी में सोफी एक्लेस्टोन बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुई हैं.

दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका ने ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ को पार करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है. टीम की ओर से मारिजाने कैप का प्रदर्शन टूर्नामेंट में शानदार रहा है. वहीं, बल्लेबाजी में ताजमिन ब्रिट्स एक शतक समेत 3 मुकाबलों में 174 रन बना चुकी हैं और साउथ अफ्रीका की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रही हैं.

कैप ने टीम की तरफ से गेंदबाजी में सबसे ज्यादा 7 विकेट निकाले हैं. नई गेंद से शबनम इस्माइल अपनी छाप छोड़ने में सफल रही हैं. हालांकि, टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ट का बल्ला अब तक पूरी तरह से खामोश नजर आया है. वोल्वार्ट ने 5 पारियों में 117 रन बनाए हैं. सेमीफाइनल में टीम को उनसे दमदार प्रदर्शन की आस होगी.

एसएम/डीकेपी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.