आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के चैंपियन का ऐलान जल्द ही होने वाला है. ग्रुप स्टेज खत्म होने के बाद सेमीफाइनल राउंड शुरू हो गया है. पहले सेमीफाइनल में जहां 6 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराया, वहीं दूसरे मैच में अब मेजबान इंग्लैंड का सामना साउथ अफ्रीका से होना है. इस सेमीफाइनल मैच में वो गेंदबाज भी उतरेगी, जिसने मौजूदा वर्ल्ड कप की सबसे तेज गेंद फेंकी है. ये गेंदबाज हैं साउथ अफ्रीका की शबनिम इस्माइल, जो इससे भी तेज गेंद फेंकना चाहती हैं.
गुरुवार 2 जुलाई को लंदन के ओवल स्टेडियम में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा. इस मुकाबले को जीतने वाली टीम खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलियासे भिड़ेगी. साउथ अफ्रीका पिछले वर्ल्ड कप की रनर-अप है, जहां उसे फाइनल में न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा था. अब एक बार फिर ये टीम फाइनल में खिताब के करीब है, उसकी ख्वाहिश पुराने सारे दुख-दर्द को पीछे छोड़ने की होगी.
महिला वर्ल्ड कप की सबसे तेज गेंदबाजशबनिम इस्माइल पिछला वर्ल्ड कप हारने वाली टीम में नहीं थी लेकिन उससे एक साल पहले ही 2023 के फाइनल में वो ऑस्ट्रेलिया से हारने वाली साउथ अफ्रीकी टीम का हिस्सा थीं. उसके बाद इस दिग्गज तेज गेंदबाज ने संन्यास ले लिया था. मगर इस बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए उन्होंने संन्यास से वापसी की और दमदार गेंदबाजी कर रही हैं. वो अभी तक 5 मैच में 6 विकेट ले चुकी हैं और इतना ही नहीं, उन्होंने इस वर्ल्ड कप की सबसे तेज गेंद भी की है.
शबनिम ने 122.6 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ये गेंद की थी, जो इस वर्ल्ड कप में सबसे तेज है. उन्होंने ये गेंद भारत के खिलाफ ग्रुप मैच में की थी, जिस पर स्टार ओपनर शेफाली वर्मा आउट हुई थीं. इसके बावजूद 37 साल की ये स्टार पेसर इससे खुश या संतुष्ट नहीं है. क्रिकइंफो को दिए एक इंटरव्यू में इस्माइल ने कहा कि उन्हें इस स्पीड के बारे में पता चला लेकिन ये अभी भी काफी धीमी है क्योंकि वो इससे भी तेज गेंद डाल सकती हैं.
शबनिम के नाम है सबसे तेज बॉल का रिकॉर्डशबनिम इस्माइल का दावा गलत भी नहीं है क्योंकि महिला क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज गेंदों का रिकॉर्ड उनके ही नाम है. वो पहली गेंदबाज थीं, जिन्होंने महिला क्रिकेट में 130 kmph के बैरियर को तोड़ा था. विमेंस प्रीमियर लीग 2024 (WPL 2024) में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए इस पेसर ने 132.1 kmph की स्पीड से गेंद की थी जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है. इतना ही नहीं, महिला क्रिकेट में सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड भी शबनिम के नाम है, जिन्होंने 2016 के वर्ल्ड कप में 128 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड नापी थी.