चाइनीज App के जरिए ई-रिक्शा हैक का दावा, परिवहन मंत्री ने TV9 को बताया 'सच', विभाग से मांगी रिपोर्ट
TV9 Bharatvarsh July 03, 2026 12:43 AM

सोशल मीडिया पर BAT BMS एप के जरिए ई रिक्शा को हैक करने के दावों और वीडियो वायरल होने के मामले पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह से TV9 भारतवर्ष ने बात की और पूछा कि इस तरह की समस्याओं से निपटने के लिए दिल्ली सरकार की क्या तैयारी है? इसपर परिवहन मंत्री ने बताया, ‘मैंने भी सोशल मीडिया पर आपकी तरह वीडियो देखा है, अभी हमने डिपार्टमेंट को इसकी सही जानकारी लेने के लिए बोला है, मुझे लगता है दिल्ली पुलिस भी इस पर काम कर रही होगी और जैसे ही इस पर सत्यता आती है, दिल्ली पुलिस अपना काम करेगी’.

डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि मामले पर दिल्ली पुलिस अपनी तरफ से एक्शन लेगी और ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट भी कार्रवाई करेगी, लेकिन अभी इसकी सत्यता जानना जरूरी है. सबकुछ जानने के बाद ही इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

सवाल: अगर दिल्ली में इस तरह की घटना किसी ई रिक्शा चालक के साथ होती है तो वो अपनी शिकायत कहां पर दर्ज करवा सकता है?

जवाब: परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि यह मुद्दा हमसे पहले पुलिस का मुद्दा है, दिल्ली पुलिस के पास थाने में जाकर कंप्लेंट करनी ही चाहिए, उसके बाद हमें दिल्ली पुलिस से सत्यता पता चल जाएगी, क्योंकि जांच दिल्ली पुलिस ही करेगी. दिल्ली पुलिस जांच करने के बाद मुझे पूरा भरोसा है कि इस पर उचित कार्रवाई करेगी और जो भी उनकी जांच के बाद बाहर निकल कर आएगा, ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट भी एक्शन लेगा यानी जो भी लीगल कार्रवाई है, वह करेंगे.

सवाल: कुछ लोग अब मांग कर रहे हैं कि इस विवादित ऐप को देश में बैन कर दिया जाए तो क्या सरकार भी केंद्र सरकार से यह मांग करेगी?

जवाब: परिवहन मंत्री ने कहा कि एक बार सत्यता को जांच लें, फिर अगर इसमें सत्यता होती है तो यह एक गंभीर विषय है. इस गंभीर विषय को बड़ी गंभीरता से लिया जाएगा और जो भी जरूरी एक्शन लेने होंगे, हम लेंगे.

सवाल: दिल्ली सरकार ई रिक्शा के लिए अलग से पॉलिसी लाने वाली है तो क्या उसमें भी इस तरह के सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को शामिल करेंगे?

जवाब: डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि यह जो विषय अभी आया है, जांच के बाद ही क्लियर होगा, अगर कोई ऐसा ऐप होगा तो उसपर कार्रवाई करेंगे ही करेंगे. अभी सत्यता को जांच लेते हैं. उसके बाद जरूरी एक्शन लेंगे.

सवाल: पॉलिसी में ई रिक्शा के सफर को सुरक्षित करने के लिए और क्या बिंदु होंगे?

जवाब: परिवहन मंत्री ने कहा कि ई रिक्शा सुरक्षित रहे, इस एप के अलावा तो सुरक्षित चल रही हैं. वो लाइन पर चले, रिक्शे को बालिग ही चलाएं, ताकि जवाबदेही तय हो, ये पॉलिसी का पार्ट रहेगा.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, सोशल मीडिया पर ऐसे वायरल वीडियो की बाढ़ आ गई है, जिनमें दिखाया गया है कि यूजर BAT BMS नामक एक चीनी स्मार्टफोन एप का उपयोग करके सड़कों पर चल रहे बैटरी रिक्शा को दूर से ही निष्क्रिय कर रहे हैं. चीनी कंपनी शेन्जेन ग्रीनर्जी टेक्नोलॉजी द्वारा विकसित यह एप यूजर्स को ब्लूटूथ-सक्षम लिथियम बैटरी को ट्रैक और नियंत्रित करने की अनुमति देता है, जिससे भारत के तेजी से बढ़ते ईवी इकोसिस्टम की साइबर सिक्योरिटी को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में हिंदू प्रार्थनाएं अनिवार्य…हाईकोर्ट बोला- छात्रों को बाध्य नहीं किया जा सकता

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.