ग्वालियर में 5 महीने से लापता हैं 'लड्डू गोपाल', खोजने के लिए बनी SIT; 3 थानों की पुलिस करेगी तलाश
TV9 Bharatvarsh July 03, 2026 02:43 AM

Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आस्था और संवेदनाओं से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां एक परिवार के लिए भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल की प्रतिमा सिर्फ पूजा का माध्यम नहीं, बल्कि घर के सबसे प्रिय सदस्य की तरह है. करीब पांच महीने पहले बाजार में प्रतिमा गुम हो गई थी. काफी कोशिशों के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़िता ने ग्वालियर रेंज के आईजी से मदद की गुहार लगाई. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आईजी ने अब विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है.

खरीदारी के दौरान गुम हुई थी प्रतिमा

जानकारी के अनुसार, अल्कापुरी निवासी विजया शर्मा 29 जनवरी को अपनी बहन के साथ भगवान की पूजा सामग्री खरीदने के लिए कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित माधोगंज और सब्जी मंडी इलाके में गई थीं. इसी दौरान उनके साथ मौजूद लड्डू गोपाल की प्रतिमा कहीं गुम हो गई. प्रतिमा गायब होने के बाद विजया और उनके परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाना पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने भी अपने स्तर पर प्रतिमा की तलाश की, लेकिन पांच महीने बीत जाने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिल सका.

ये भी पढ़ें- तुम जैसे हजार पति रख सकती हूं इसी बात पर कर दी पत्नी की हत्या, फिर क्यों कोर्ट ने घटा दी सजा?

‘लड्डू गोपाल हमारे परिवार के सदस्य हैं’

पीड़िता विजया शर्मा का कहना है कि लड्डू गोपाल उनके परिवार के सबसे प्रिय सदस्य हैं. उनकी मां का निधन हो चुका है और यह प्रतिमा उन्हें उनकी नानी ने दी थी. परिवार के सभी सदस्य लड्डू गोपाल की सेवा और पूजा करते थे. प्रतिमा के गुम होने के बाद से पूरे घर में मायूसी का माहौल है और सभी मानसिक रूप से परेशान हैं. विजया का दावा है कि उन्हें सपने में भी लड्डू गोपाल दिखाई दिए और उन्होंने बताया कि वे चोटिल हो गए हैं. इसी आस्था और भावनात्मक जुड़ाव के चलते परिवार लगातार प्रतिमा की तलाश में जुटा हुआ है.

इनाम की राशि बढ़ाकर 5 हजार रुपए की

प्रतिमा की बरामदगी के लिए विजया शर्मा ने पहले 1100 रुपए का इनाम घोषित किया था, लेकिन लंबे समय तक सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने इनाम की राशि बढ़ाकर 5 हजार रुपए कर दी. साथ ही उन्होंने आसपास के थानों की पुलिस से भी तलाश अभियान में सहयोग की मांग की.

आईजी ने गठित की SIT

पीड़िता की अपील पर ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएसपी लश्कर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. इस टीम में कोतवाली थाना पुलिस के अलावा जनकगंज और माधोगंज थाना पुलिस को भी शामिल किया गया है. तीनों थानों की पुलिस संयुक्त रूप से लड्डू गोपाल की प्रतिमा की तलाश करेगी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य संभावित सुरागों की भी जांच करेगी.

आस्था का सम्मान करते हुए कार्रवाई

आईजी अरविंद सक्सेना ने कहा कि पुलिस हर शिकायत को संवेदनशीलता के साथ लेती है. चूंकि यह मामला एक परिवार की गहरी धार्मिक आस्था और भावनाओं से जुड़ा है, इसलिए विशेष टीम बनाकर प्रतिमा की तलाश के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस का प्रयास रहेगा कि उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग कर प्रतिमा को जल्द से जल्द खोजा जाए.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.