हिसार: 2 शादियों के बाद लिव-इन में रह रही महिला की बॉयफ्रेंड ने की हत्या, पुलिस से बोला- फिर से उसने चलाया चक्कर
TV9 Bharatvarsh July 03, 2026 10:42 AM

Hisar crime news: हरियाणा के हिसार जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की उसके बॉयफ्रेंड ने चाकू से वारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचा और अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उसने पूजा की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मामले की जांच जारी है.

मृतका की पहचान 32 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, पूजा पिछले करीब पांच वर्षों से हिसार के शिवनगर इलाके में 28 वर्षीय गौरव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. बताया जा रहा है कि पूजा की पहले दो शादियां हो चुकी थीं और उसके तीन बच्चे भी हैं. दूसरी शादी टूटने के बाद वह गौरव के साथ रहने लगी थी.

थाने पहुंचकर किया सरेंडर

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी गौरव स्वयं सूर्यनगर पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिसकर्मियों से कहा कि उसने पूजा की हत्या कर दी है. उसकी सूचना पर पुलिस तत्काल शिवनगर स्थित किराए के मकान पर पहुंची, जहां कमरे के अंदर पूजा का शव खून से लथपथ पड़ा मिला. मौके पर ही क्राइम सीन को सील कर दिया गया और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए.

जांच में सामने आया है कि बुधवार देर रात करीब तीन बजे पूजा और गौरव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. झगड़ा इतना बढ़ गया कि गौरव ने कथित तौर पर चाकू से पूजा पर कई बार हमला कर दिया. महिला के गले, पेट और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. पुलिस का मानना है कि अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

आरोपी को दूसरे से अफेयर का हो गया था शक

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि पूजा पिछले पांच-छह महीनों से किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. आरोपी ने इसी शक को हत्या की वजह बताया है. हालांकि पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है.

जानकारी के अनुसार, गौरव ई-रिक्शा चलाने का काम करता है और करीब दो महीने पहले ही शिव कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आया था. इसी दौरान उसकी मुलाकात पूजा से हुई और दोनों साथ रहने लगे.

वहीं, मृतका की मां संगीता ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गौरव पूजा से गलत काम करवाता था और अवैध गतिविधियों में शामिल था. उन्होंने दावा किया कि कम समय में उसने मकान और प्लॉट भी खरीद लिया था. पुलिस ने इन आरोपों को भी जांच में शामिल करने की बात कही है.

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट- प्रवीण

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.