मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के झारड़ा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक महिला के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है. आरोप है कि संपत्ति में बच्चों के हिस्से की मांग करने अपने पूर्व ससुराल पहुंची महिला और उसके दूसरे पति के साथ मारपीट की गई. महिला के बाल काट दिए गए, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और दोनों को जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है.
पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय महिला करीब तीन वर्ष पहले अपने पहले पति का घर छोड़कर दूसरे पति के साथ इंदौर में रहने लगी थी. पहले पति से महिला के दो बच्चे हैं. बताया जा रहा है कि 30 जून को वह अपने बच्चों के संपत्ति संबंधी अधिकारों की मांग को लेकर पूर्व ससुराल पहुंची थी. इसी दौरान विवाद बढ़ गया.
महिला के काटे बाल, कपड़े भी फाड़ेआरोप है कि महिला के पूर्व ससुराल पक्ष के लोगों ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर उसके और उसके दूसरे पति के साथ मारपीट की. महिला के बाल काटे गए, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और दोनों को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया. इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
11 लोगों के खिलाफ केस दर्जवीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और 11 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया. अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गिरफ्तार आरोपियों में सुमेर सिंह, बद्रीलाल, कचरू सिंह, दशरथ सिंह, वीरेंद्र सिंह और कृपाल सिंह शामिल हैं. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.
उज्जैन के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है. उन्होंने यह भी कहा कि पीड़िता की पूर्व में गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी भी जांच में सामने आई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – पति करता शक… चेक करता था मोबाइल फोन; पत्नी ने गला घोंटकर कर दी हत्या