Ketan Agarwal Murder Case : केतन अग्रवाल की हत्यारोपी सिया गोयल को अपने किए पर पछतावा नहीं, मीडिया को दिखाई मिडिल फिंगर
Newsroompost-Hindi July 03, 2026 03:42 PM

नई दिल्ली। पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के आरोप में गिरफ्तार उसकी मंगेतर सिया गोयल का एक वीडियो  सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे देखकर ऐसा लगता है कि उसे अपने किए पर किसी प्रकार का कोई पछतावा नहीं है। दरअसल पुलिस सिया को जांच के लिए कई जगहों पर ले जा रही है। इस दौरान जब पुलिस सिया को उसके घर लेकर पहुंची तो वहां मीडिया भी मौजूद थी। सिया ने मीडिया को देखकर उसकी ओर मिडिल फिंगर दिखाई जोकि एक भद्दा इशारा माना जाता है। वहीं सिया के इस रवैए को देखकर लोगों का गुस्सा उसके खिलाफ और भड़क गया है।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने सिया के घर से उसके वो कपड़े भी बरामद कर लिए हैं जो उसने केतन की हत्या वाले दिन 18 जून को पहने थे। अब सबूतों से मिलान के लिए उन कपड़ों फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। केतन की हत्या मामले में आए दिन नए नए खुलासे हो रहे हैं। यह भी पता चला है कि सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने केतन को मारने से पहले उसकी रिहर्सल भी की थी। चेतन ने कथित तौर पर पहले से अभ्यास कर के देखा था कि किसी इंसान को चट्टान से किस प्रकार से धक्का दिया जा सकता है। पुलिस गुरुवार को सिया को पुणे के लुल्लानगर इलाके में एक क्लब के पास स्थित उस जगह भी लेकर गई थी जहां उन्होंने हत्याकांड को अंजाम देने का अभ्यास किया था।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ऐसा बताया जा रहा है कि सिया और चेतन के बयान एक दूसरे से मेल नहीं खा रहे हैं। इसलिए पुलिस सिया और चेतन का लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने की भी प्लानिंग कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अभी तक इन दोनों ने पूछताछ में पुलिस को जो बताया है उसमें कितनी सच्चाई है। इसके अलावा अभी भी बहुत से ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब पुलिस को नहीं मिल पाए हैं।

The post Ketan Agarwal Murder Case : केतन अग्रवाल की हत्यारोपी सिया गोयल को अपने किए पर पछतावा नहीं, मीडिया को दिखाई मिडिल फिंगर appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.