जीतू पटवारी के खिलाफ घर में ही बगावत, पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश यादव ने छोड़ी पार्टी, कहा राहुल-पटवारी ने कांग्रेस को किया बर्बाद
Webdunia Hindi July 04, 2026 12:43 PM


भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अब अपने घर में ही घिर गए है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बीच छिड़े विवाद के बीच पूर्व प्रदेश महासचिव ने पार्टी छोड़ दी है। इंदौर से आने वाले  पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश सिंह यादव ने करीब 30 साल तक पार्टी से जुड़े रहने के बाद इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेज दिया है।
 
राकेश यादव ने जीतू पटवारी पर जमीनों की दलाली करने का भी आरोप लगाया है। इस्तीफे के बाद यादव ने कहा कि जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर जो आरोप लगाए, उसे साबित नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को विचार करना चाहिए।
 
इस्तीफे को लेकर राकेश सिंह ने मीडिया से कहा कि प्रदेश नेतृत्व की कार्यशैली अनुचित है। पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है। पार्टी पदाधिकारी सारे फैसले एकतरफा ले रहे हैं। यादव ने कहा कि पार्टी ने कार्यकर्ताओं को मीडिया डिबेट से बहिष्कार करने को कहा है, तो हम अपनी बात रखें कैसे। हम देश सेवा के लिए राजनीति करते हैं, हमारा उद्देश्य पैसा कमाना नहीं।
 
राहुल गांधी पर साधा निशाना- कांग्रेस नेता  राकेश सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी धृतराष्ट्र हैं। उन्होंने खुली आखों पर पट्टी बांध ली है। इस धृतराष्ट्र ने कई दुर्योधन पैदा कर दिए हैं, जो पार्टी को खा गए हैं। राहुल गांधी को सोचना चाहिए कि किस नेता के हाथ में कमान दे दी है। यह नेता दिग्विजय सिंह और कमलनाथ जैसे नेताओं का अपमान करता है। कांग्रेस में रह कर कोई जनहित के काम नहीं किए जा सकते। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी अध्यक्ष पद के लायक नहीं हैं। उन्होंने प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी पर पद के बदले डिफेंडर लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में अब पद बेचे जा रहे है।
 

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.