12वीं के बाद ज्यादातर छात्र और उनके परिवार मेडिकल के लिए NEET और इंजीनियरिंग के लिए JEE को ही सबसे बड़ा करियर विकल्प मानते हैं, लेकिन बदलते दौर में करियर के अवसर केवल इन दो परीक्षाओं तक सीमित नहीं हैं. आज हेल्थ, टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट, लॉ, मीडिया, डिजाइन और होटल मैनेजमेंट जैसी कई फील्ड्स में बेहतरीन संभावनाएं मौजूद हैं. अगर किसी छात्र की रुचि NEET या JEE में नहीं है या इन परीक्षाओं में सफलता नहीं मिलती, तब भी चिंता की जरूरत नहीं है. सही कोर्स और अपनी क्षमता के अनुसार चुना गया करियर भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है.
डॉक्टर या इंजीनियर ही नहीं, और भी हैं शानदार विकल्पभारत में 12वीं के बाद अधिकतर छात्र मेडिकल या इंजीनियरिंग की तैयारी में जुट जाते हैं. हालांकि अब समय बदल चुका है और अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में छात्रों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चुनने पर ध्यान देना चाहिए.
हेल्थ सेक्टर में बिना NEET भी मिल सकते हैं अच्छे मौकेअगर मेडिकल क्षेत्र में रुचि है लेकिन डॉक्टर नहीं बनना चाहते, तो B.Pharm, D.Pharm, BSc Nursing, BMLT (मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी), BMRIT (रेडियोलॉजी) और BSc Agriculture जैसे कोर्स बेहतरीन विकल्प हैं. इन कोर्सों के बाद अस्पतालों, दवा कंपनियों, लैब, रिसर्च संस्थानों और सरकारी विभागों में नौकरी के अच्छे अवसर मिलते हैं.
टेक्नोलॉजी में इंजीनियरिंग के अलावा भी रास्तेकंप्यूटर और आईटी सेक्टर में करियर बनाने के लिए इंजीनियरिंग करना जरूरी नहीं है. BCA, Cyber Security और Artificial Intelligence जैसे स्किल आधारित कोर्स आज तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं. इन क्षेत्रों में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा एनालिटिक्स और साइबर सुरक्षा से जुड़ी नौकरियों की मांग लगातार बढ़ रही है.
मैनेजमेंट और लॉ में भी बेहतर भविष्यकॉर्पोरेट सेक्टर में करियर बनाने के इच्छुक छात्र BBA कर सकते हैं और आगे चलकर MBA करके बेहतर पद हासिल कर सकते हैं. वहीं BA LLB और BBA LLB जैसे कोर्स कानून के क्षेत्र में करियर बनाने का मौका देते हैं. इनसे वकालत, कॉर्पोरेट लॉ और न्यायिक सेवाओं में आगे बढ़ा जा सकता है.
क्रिएटिव फील्ड में भी हैं बेहतरीन अवसररचनात्मक सोच रखने वाले छात्र Fashion Designing, Graphic Designing, Interior Designing, Journalism and Mass Communication और Hotel Management जैसे कोर्स चुन सकते हैं. इन क्षेत्रों में मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म, होटल, एयरलाइंस, टूरिज्म और डिजाइन इंडस्ट्री में रोजगार के अच्छे अवसर मौजूद हैं.
करियर चुनते समय रखें इन बातों का ध्यानकिसी भी कोर्स का चुनाव केवल ट्रेंड या दूसरों की सलाह पर नहीं करना चाहिए. अपने इंट्रेस्ट, स्किल और भविष्य के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर फैसला लेना सबसे बेहतर होता है. सही कोर्स का चयन न केवल बेहतर नौकरी दिला सकता है, बल्कि लंबे समय तक करियर में सफलता और संतुष्टि भी देता है. आज के समय में छात्रों के पास पहले की तुलना में कहीं अधिक विकल्प हैं, इसलिए सोच-समझकर लिया गया फैसला ही भविष्य को मजबूत बना सकता है.