वैभव सूर्यवंशी के ‘New Chapter’ स्टोरी से मची हलचल, डेब्यू का इशारा या नया सरप्राइज?
एबीपी लाइव July 04, 2026 07:12 PM

भारत के धुरंधर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में डेब्यू कब होगा, इस सवाल का जवाब हर कोई जानना चाहता है. इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को मैनचेस्टर में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले से पहले भी सबसे ज्यादा चर्चा इसी युवा बल्लेबाज को लेकर हो रही है. इसी बीच वैभव की एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने सोशल मीडिया पर नया सस्पेंस पैदा कर दिया है.

शुक्रवार रात वैभव ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी एक तस्वीर शेयर की है. तस्वीर में वह बल्ला उठाकर जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं. तस्वीर के ऊपर उन्होंने सिर्फ दो शब्द लिखे हैं- ‘New Chapter’. अब यही दो शब्द फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गए हैं. दरअसल, इस स्टोरी से कुछ घंटे पहले शुक्रवार को मैनचेस्टर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्कल ने ऐसा बयान दिया है, जिससे वैभव के दूसरे टी20 में डेब्यू की संभावनाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

मॉर्कल ने साफ कहा है कि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जगह तुरंत नहीं छीनी जाएगी. उन्होंने यह भी कहा है कि टी20 विश्व कप जिताने वाले खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है. मॉर्कल के इस बयान के बाद माना जाने लगा है कि दूसरे टी20 में भी वैभव को इंतजार करना पड़ सकता है. लेकिन मॉर्कल के इस बयान के कुछ घंटे बाद ही वैभव की ‘New Chapter’ वाली इंस्टाग्राम स्टोरी सामने आई है, जिसने पूरे मामले को और ज्यादा रहस्यमय बना दिया है.

क्या डेब्यू का इशारा है?

सोशल मीडिया पर कई फैंस इस स्टोरी को वैभव के संभावित डेब्यू से जोड़कर देख रहे हैं. उनका मानना है कि ‘New Chapter’ शायद टीम इंडिया के साथ उनके नए सफर की शुरुआत का संकेत हो सकता है. हालांकि, फिलहाल इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इस स्टोरी का एक दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है. पिछले कुछ दिनों से वैभव के बैट स्पॉन्सर को लेकर चर्चाएं चल रही हैं. दरअसल, शुक्रवार को ही एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें वैभव जिस बल्ले के साथ नजर आए हैं, उस पर Hero का स्टिकर लगा हुआ है. इससे पहले वह SS ब्रांड के बल्ले का इस्तेमाल करते रहे हैं. ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि ‘New Chapter’ शायद किसी नए बैट स्पॉन्सरशिप करार का संकेत है.

यह भी पढ़ें- वेनेजुएला भूकंप के सर्वाइवर की कहानी सुनकर भावुक हुए रोनाल्डो, दिया ऐसा सरप्राइज; जीता दिल

फिलहाल सिर्फ कयास

अभी तक वैभव ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी का मतलब साफ नहीं किया है. इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह स्टोरी टीम इंडिया में उनके डेब्यू का इशारा है या फिर किसी नए कमर्शियल करार की ओर संकेत कर रही है. फिलहाल इसे लेकर सिर्फ कयास ही लगाए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें- अफगानिस्तान में शपगीजा क्रिकेट लीग के मैच के दौरान मैदान में घुसा फैन, रहमनुल्लाह गुरबाज के सिर से कैप लेकर भाग गया

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.