राजस्थान के अलवर जिले के बानसूर निवासी अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी, फिटनेस आइकन और मोटिवेशनल स्पीकर दीपक शर्मा की एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाली नई लैंड रोवर डिफेंडर 110 पहाड़ी यात्रा के दौरान अचानक बंद हो गई. वाहन मालिक ने दावा किया है कि सामान्य E20 पेट्रोल भरवाने के बाद एसयूवी के फ्यूल पंप में खराबी आ गई.
जानकारी के अनुसार, दीपक शर्मा अपने परिवार के साथ जयपुर से उत्तराखंड स्थित आदि कैलाश यात्रा पर निकले थे. यात्रा के दौरान कई स्थानों पर प्रीमियम या पावर पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने सामान्य E20 पेट्रोल भरवाया. उनका आरोप है कि कुछ दूरी तय करने के बाद वाहन में तकनीकी दिक्कत शुरू हो गई और आखिरकार डिफेंडर बीच रास्ते में बंद हो गई.
दीपक शर्मा ने क्या कहा?इसके बाद वाहन को टो-ट्रक की मदद से दिल्ली स्थित अधिकृत सर्विस सेंटर पहुंचाया गया, जहां वारंटी के तहत उसकी तकनीकी जांच की जा रही है. फिलहाल कंपनी ने खराबी के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. दीपक शर्मा का आरोप है कि कुछ पेट्रोल पंपों पर निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिश्रण वाला ईंधन बेचा जा रहा है, जिससे आधुनिक वाहनों के फ्यूल सिस्टम पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. उन्होंने वाहन चालकों को सलाह दी है कि जहां संभव हो, प्रीमियम या पावर पेट्रोल का ही इस्तेमाल करें.
एक्सपर्ट ने दी ये सलाहविशेषज्ञों के अनुसार भारत में बिकने वाले नए E20-कम्प्लायंट वाहन 20 प्रतिशत तक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर सुरक्षित रूप से चलने के लिए डिजाइन किए जाते हैं. सामान्य परिस्थितियों में E20 पेट्रोल से इस तरह की बड़ी तकनीकी खराबी की संभावना नहीं मानी जाती. यदि किसी ईंधन में निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल पाया जाता है, तो लंबे समय में फ्यूल सिस्टम पर असर पड़ सकता है. हालांकि, दीपक शर्मा की लैंड रोवर डिफेंडर में आई खराबी की वास्तविक वजह कंपनी की तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.