वैभव सूर्यवंशी को कब मिलेगा मौका? गंभीर और अय्यर ने की लंबी मीटिंग, जानें क्या नतीजा निकला
रवीश बिष्ट July 05, 2026 10:12 AM

भारत और इंग्लैंड की पांच मैचों की टी20 सीरीज 1 जुलाई-11 जुलाई तक खेली जानी है. पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था. इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जाए या नहीं इस बात को लेकर टीम मैनेजमेंट दुविधा में है. टीम मैनेजमेंट अब तक फैसला नहीं कर पाया है कि 15 साल के वैभव को मौका दिया जाए या नहीं. खबर है कि इस संबंध में कप्तान श्रेयस अय्यर और कोच गौतम गंभीर की लंबी बातचीत हुई.

गंभीर-अय्यर ने की लंबी मीटिंग

गौतम गंभीर और श्रेयस अय्यर ने काफी लंबी बातचीत की, जिसके बाद माना जा रहा है कि वैभव सूर्यवंशी को अपने डेब्यू के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है. हाल ही में BCCI के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने भी साफ कर दिया है कि वैभव को मौका कब मिलेगा, यह कप्तान और कोच मिलकर तय करेंगे.

बताया जा रहा है कि वैभव के डेब्यू को लेकर लंबी मीटिंग के बावजूद गंभीर और अय्यर के बीच सहमति नहीं बन पाई. गंभीर का मानना है कि सैमसन को अगले 2 मैचों में मौका दिया जाना चाहिए और अगर उन्हें ड्रॉप किया जाता है तो यह अन्य खिलाड़ियों में असुरक्षा की भावना को जन्म देगा. वहीं कप्तान अय्यर का कहना था कि वैभव के प्लेइंग इलेवन में आने पर टॉप ऑर्डर में तीनों बल्लेबाज बाएं हाथ के हो जाएंगे. यह रणनीति वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के लिए कारगर नहीं रही थी. जिसके बाद टीम ने तिलक वर्मा की बल्लेबाजी पोजीशन बदल कर संजू सैमसन से ओपनिंग करवाई थी.

कब मिलेगा वैभव को मौका?

टीम मैनेजमेंट का मानना है कि भारतीय टीम अगर इंग्लैंड के खिलाफ अगले मैचों में जीत दर्ज कर सीरीज जीत लेती है, तो आखिरी टी20 में वैभव को मौका दिया जा सकता है. इस सीरीज का आखिरी टी20 मैच 11 जुलाई को साउथैम्पटन में खेला जाएगा. यह तय है कि वैभव को ओपनिंग में ही खिलाया जाएगा और उनके लिए नंबर-3 का विकल्प भी खुला नहीं रखा गया है.

वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर आया BCCI का पहला रिएक्शन, दूसरे टी20 से पहले कहा- कोच और कप्तान...

सैमसन लगातार हो रहे फ्लॉप

संजू सैमसन आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मैचों में फ्लॉप रहे थे. उसके बाद इंग्लैंड के विरुद्ध पहले टी20 में भी फेल रहे. तीन पारियों में अब तक सिर्फ 6 रन बना सके हैं. सैमसन की सफलता को देख कपिल देव से लेकर सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी वैभव के पक्ष में आकर कह चुके हैं कि उन्हें डेब्यू का मौका जरूर मिलना चाहिए.

दूसरी ओर बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, सहायक कोच रायन टेन डोएशे, कप्तान श्रेयस अय्यर और गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल भी एक ही बात को दोहराते आए हैं कि मैनेजमेंट का अपने खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाना बहुत जरूरी है और सही मौका आने पर वैभव को डेब्यू का चांस जरूर मिलेगा.

दूसरे टी20 में भी नहीं होगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू, कोच के इस बयान से सबकुछ हो गया साफ

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.