केतन अग्रवाल के परिवार पर फिर टूटा दुखों का पहाड़, अब दादा का निधन… पोते की मौत से सदमे में थे
TV9 Bharatvarsh July 05, 2026 10:42 AM

Ketan Agarwal Murder Case: महाराष्ट्र के पुणे में हुए चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आई है. मंगेतर द्वारा लोहागढ़ किले से धक्का देकर मार दिए गए केतन अग्रवाल के दादाजी का शनिवार रात कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) के चलते निधन हो गया. 18 जून को पोते की दर्दनाक मौत के बाद से ही वह गहरे सदमे में थे और लगातार अस्वस्थ चल रहे थे.

दूसरी तरफ, कानूनी मोर्चे पर भी बड़ी हलचल हुई है. पुणे की स्थानीय अदालत ने मामले की मुख्य आरोपी मंगेतर सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी को 16 जुलाई तक के लिए न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है. इसके साथ ही पुलिस के हाथ सिया गोयल की एक और संदिग्ध स्नैपचैट चैट लगी है, जिसने हत्या की पहले से रची गई साजिश की तरफ इशारा किया है.

अग्रवाल परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, दादा का निधन

केतन अग्रवाल की असमय मौत ने पूरे परिवार को भीतर से तोड़ दिया था, लेकिन सबसे बड़ा झटका उनके बुजुर्ग दादाजी को लगा. केतन के दादाजी देवीचंद अग्रवाल (71 वर्ष) पोते की मौत के बाद से गहरे मानसिक आघात में थे.

शनिवार रात हुआ निधन

परिवार के मुताबिक, शनिवार रात ठीक 9 बजकर 45 मिनट पर देवीचंद अग्रवाल ने अंतिम सांस ली. डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक मानसिक तनाव और सदमे के कारण उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जो जानलेवा साबित हुआ.

आरोपी 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में

पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद दोनों मुख्य आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी को न्यायिक मजिस्ट्रेट ए.एम. विभूते के समक्ष पेश किया गया था. अभियोजन पक्ष (Prosecution) ने कोर्ट से आरोपियों की पुलिस हिरासत 3 दिन और बढ़ाने की पुरजोर मांग की. पुलिस की दलील थी कि आरोपियों के मोबाइल फोन से जो डेटा रिकवर हुआ है, उसमें कोड वर्ड और इशारों वाली संदिग्ध भाषा में बातचीत की गई है. इस कोड लैंग्वेज का असली मतलब समझने के लिए आमने-सामने बिठाकर पूछताछ जरूरी है.

ये भी पढ़ें: केतन हत्याकांड: बेटी ने नहीं किया गलत इशारा, उंगली में लगी थी चोट सिया के मिडिल फिंगर दिखाने पर बोले पिता प्रवीण गोयल

आरोपियों के वकीलों ने रिमांड बढ़ाने की अर्जी का कड़ा विरोध किया. उन्होंने कहा कि पुलिस को जांच के लिए पहले ही पर्याप्त समय मिल चुका है, इसलिए अब हिरासत की कोई आवश्यकता नहीं है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, माननीय अदालत ने पुलिस की अर्जी खारिज कर दी और सिया व चेतन को 16 जुलाई तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.

लीक स्नैपचैट संदेश से मर्डर की साजिश को बल

पुलिस जांच में सिया गोयल का एक कथित स्नैपचैट स्क्रीनशॉट सामने आया है, जो मई महीने का बताया जा रहा है. यह मैसेज केतन की हत्या से कुछ सप्ताह पहले का है और यह बेहद चौंकाने वाला है. केतन का परिवार नवंबर में उदयपुर में होने वाली भव्य शादी की तैयारियों में जुटा था. उन्होंने रिश्तेदारों और मेहमानों की फ्लाइट टिकट बुक करने के लिए गोयल परिवार से उनके नाम और आईडी कार्ड का विवरण मांगा था.

सहेली को भेजा था मैसेज

सिया ने इसी सिलसिले में अपनी सहेली को स्नैपचैट पर संदेश भेजा और लिखा- शादी के टिकट के लिए अपने आईडी कार्ड के दोनों ओर की फोटो भेज देना. वैसे भी शादी होने वाली नहीं है, लेकिन फिर भी भेज देना. पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस चैट से साफ है कि सिया को पहले से पता था कि यह शादी नहीं होगी. पुलिस अब इस सहेली को समन जारी कर पूछताछ करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसे केतन की हत्या की साजिश की जानकारी पहले से थी. फिलहाल, इस डिजिटल सबूत की तकनीकी प्रामाणिकता की जांच साइबर सेल कर रही है.

एसपी संदीप सिंह गिल का बयान: मिले अहम गवाह

इस हाई-प्रोफाइल मामले पर पत्रकारों से बात करते हुए पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप सिंह गिल ने बताया कि पुलिस इस मामले को बेहद मजबूती से अदालत में पेश कर रही है. लोनावला के लोहागढ़ किले (घटनास्थल) पर वारदात के समय मौजूद कुछ बेहद महत्वपूर्ण चश्मदीद गवाह सामने आए हैं, जिनके आधिकारिक बयान दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक दूसरा मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसके डेटा को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. जब एसपी गिल से केतन और सिया के बीच हुए वित्तीय लेनदेन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि पुलिस पहले ही कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है. केतन ने सिया को कितने पैसे दिए थे, इसका पूरा विवरण सही समय आने पर कोर्ट के समक्ष साझा किया जाएगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.