Muzaffarpur Accident: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवतियों की मौत हो गई. दोनों सहेलियां रोजी-रोटी कमाने के लिए स्कूटी से काम पर जा रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना बोचहां थाना क्षेत्र की है.
मृतक युवतियों की पहचान बोचहां थाना क्षेत्र के शर्फुद्दीनपुर (गोपालपुर) निवासी नेहा कुमारी (20) और निशु कुमारी (22) के रूप में हुई है. दोनों एक निजी बैंक के महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़े वित्तीय कार्य में फील्ड कर्मी के रूप में काम करती थीं. शनिवार सुबह वह स्कूटी से मुजफ्फरपुर शहर की ओर जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ.
फॉर्च्यूनर गाड़ी पर है VIP नंबरहादसा आदिगोपालपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूर्णिया की ओर से आ रही वीआईपी नंबर BR01BB0001 वाली फॉर्च्यूनर ने तेज रफ्तार में पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवतियां कई फीट दूर जा गिरीं. स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और फॉर्च्यूनर को भी नुकसान पहुंचा.
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के बाद कार में सवार चार लोग बाहर निकले, लेकिन घायल युवतियों की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां नेहा कुमारी को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल निशु कुमारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
किसके नाम पर रजिस्टर्ड है गाड़ी?स्थानीय लोगों का दावा है कि दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर पर भाजपा का झंडा लगा था और मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर गाड़ी पूर्णिया की एक भाजपा नेत्री के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है.
सूचना मिलने पर बोचहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन में सवार लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें – बेगूसराय में बदमाश सोनू-मोनू गिरफ्तार, वीडियो में दिखा पिस्टल ड्रामा