दूसरे टी20 में भी नहीं होगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू, कोच के इस बयान से सबकुछ हो गया साफ
एबीपी स्पोर्ट्स डेस्क July 05, 2026 10:12 AM

वैभव सूर्यवंशी कब भारतीय क्रिकेट टीम में खेलेंगे? कब वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू होगा? आईपीएल 2026 के बाद से हर कोई यह सवाल पूछ रहा है. क्रिकेट फैंस हों, या पूर्व क्रिकेटर, सभी वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया के लिए खेलते देखना चाहते हैं. सभी को उम्मीद थी कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा, लेकिन टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल के बयान से यह साफ हो गया है कि अभी वैभव को बेंच पर ही बैठना होगा. 

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच से पहले आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने कहा, "हमें इस बात का सम्मान करना चाहिए कि हमारे पास अभिषेक शर्मा के रूप में टी20 क्रिकेट का नंबर एक बल्लेबाज है. वहीं संजू सैमसन विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं. संजू का आईपीएल में भी प्रदर्शन शानदार रहा था. ऐसे में कोचिंग स्टाफ के तौर पर खिलाड़ियों पर भरोसा जताना और उनका समर्थन करना उचित है. हां, एक युवा खिलाड़ी दरवाजे पर दस्तक दे रहा है और यह उत्साहजनक है, लेकिन मेरा मानना है कि केवल इन दोनों खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी टीम के लिए यह अच्छा संकेत है कि हम अपने खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं और उन पर भरोसा करते हैं."

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीम प्रबंधन बल्लेबाजों के बल्लेबाजी क्रम में अनावश्यक बदलाव करने के पक्ष में नहीं है, खासकर तब जब वे पहले उसी क्रम में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हों. मोर्केल ने कहा, "आखिरकार सबसे महत्वपूर्ण बात प्रदर्शन करना है, लेकिन हम केवल बदलाव के लिए खिलाड़ियों को उनकी स्वाभाविक बल्लेबाजी स्थिति से हटाना नहीं चाहते. इसलिए यह इतना आसान नहीं है कि कह दें, ‘चलिए, सूर्यवंशी को खिला देते हैं’."

मोर्कल ने आगे कहा, "हमें उन खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना होगा जिन्होंने विश्व कप जीते हैं और कठिन परिस्थितियों में टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है. इसके बाद ही हम परिस्थितियों के अनुसार अपने शीर्ष बल्लेबाजी क्रम को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे."

हालांकि मोर्ने मोर्केल ने वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू की कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई, लेकिन उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय ड्रेसिंग रूम के माहौल और नेट्स की दिनचर्या में खुद को बहुत अच्छी तरह ढाल लिया है.

यह भी पढ़ें-

IND vs ENG 2nd T20: इंग्लैंड ने दूसरे टी20 के लिए किया प्लेइंग इलेवन का एलान, 2 बदलाव; इस खिलाड़ी का हुआ डेब्यू

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.