कोटा में हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर फटने से दर्दनाक हादसा… एक महिला की मौत, 9 झुलसे
TV9 Bharatvarsh July 05, 2026 10:43 PM

Kota News: राजस्थान के कोटा शहर अनंतपुरा थाना क्षेत्र स्थित बरड़ा बस्ती में रविवार को बारिश के दौरान बिजली का करंट फैलने से बड़ा हादसा हो गया. हादसे में 30 वर्षीय सलमा बेग पत्नी आफाक बेग की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. घायलों में अधिकांश नाबालिग बच्चे शामिल हैं. करंट की चपेट में आने से दो गोवंश की भी मौत हो गई. दसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद कई अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं.

जानकारी के अनुसार, दोपहर बारिश के बीच जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेडीवीवीएनएल) की ग्रामीण क्षेत्र को जाने वाली बिजली लाइन टूट कर नीचे गिर गई. फॉल्ट होने से बस्ती की सड़क और आसपास के कुछ मकानों में करंट फैल गया, काफी देर तक करंट फैलने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने के बाद बिजली सप्लाई बंद कराई गई, तब जाकर स्थिति सामान्य हुई. लोगों ने बताया कि सभी लोग घर में थे अचानक करंट फैल गया जिससे अफरा-तफरी मच गई.

एक महिला की मौत

हादसे में आफाक बेग, इसाक बेग, अरसिल, अरशान, नतिबन बेग, जोया, आलिया, भूरी बाई, सीमा और अयोध्या घायल हुए हैं. सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. एडिशनल एसपी सुभाष मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, महिला की मौत करंट लगने से हुई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

घटनास्थल पर कई अधिकारी मौजूद

घटना की सूचना पर कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष राखी गौतम और जेडीवीवीएनएल के कनिष्ठ अभियंता हिमांशु बेरवा भी मौके पर पहुंचे. मृतका सलमा के दो छोटे बच्चे हैं, जबकि उसके पति आफाक बेग ऑटो चालक हैं. हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जिस जगह यह हादसा हुआ उस जगह पर कच्ची बस्ती है और वहां रह रहे लोगों ने अनऑथराइज्ड तरीके से उसे जगह पर कब्जा कर रखा है.

रिपोर्ट- कामेन्दु जोशी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.