बिहार में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है. बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने राज्य के नए 211 सरकारी डिग्री कॉलेजों में 3,687 संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधारित असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 जुलाई से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं. भर्ती फिलहाल छह विषयों के लिए निकाली गई है. चयन एकेडमिक प्रदर्शन और इंटरव्यू के आधार पर होगा. आयोग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया का शेड्यूल भी जारी किया है, जिसके अनुसार चयनित उम्मीदवारों की जॉइनिंग 7 अगस्त तक कराई जाएगी.
इन छह विषयों में होगी नियुक्तिइस भर्ती अभियान के तहत हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों के लिए आवेदन मांगे गए हैं. विषयवार रिक्तियों में अंग्रेजी के 674, इतिहास के 662, हिंदी के 625, अर्थशास्त्र के 597, राजनीति विज्ञान के 596 और समाजशास्त्र के 533 पद शामिल हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?आवेदन करने के लिए संबंधित विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्टग्रेजुएट डिग्री जरूरी है. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं. उम्मीदवार के पास NET, SET या PhD की योग्यता होनी चाहिए. यूजीसी के निर्धारित नियमों के तहत पीएचडी करने वाले कई उम्मीदवारों को NET/SET से छूट भी मिलेगी.
एज लिमिट और सैलरीउम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 43 वर्ष तय की गई है. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम एज लिमिट में 5 वर्ष की छूट मिलेगी. चयनित उम्मीदवारों को 57,700 रुपये मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता और अन्य नियमानुसार लाभ दिए जाएंगे.
सेलेक्शन प्रोसेसभर्ती प्रक्रिया 100 अंकों पर आधारित होगी. इसमें 88 अंक शैक्षणिक उपलब्धियों और 12 अंक इंटरव्यू के लिए निर्धारित किए गए हैं. आवेदन की जांच के बाद 17 और 18 जुलाई को इंटरव्यू की सूचना जारी होगी. इंटरव्यू 20 से 27 जुलाई के बीच आयोजित किए जाएंगे. 29 जुलाई को मेरिट लिस्ट जारी होगी, 1 अगस्त को कॉलेज आवंटन किया जाएगा और चयनित उम्मीदवारों को 7 अगस्त तक संबंधित कॉलेजों में जॉइन करना होगा.