Rewari News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में रविवार शाम एक रिहायशी इलाके में एक घर में हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया. शहर के भाड़ावास रोड स्थित हंस नगर में शाम करीब छह बजे अचानक तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ, जिससे आसपास के घरों की खिड़कियां और दरवाजे तक टूट गए. हादसे में एक बच्ची समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
धमाके की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सभी घायलों को पहले रेवाड़ी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रोहतक, गुरुग्राम और दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में रेफर कर दिया गया.
जांच में जुटी टीमेंफिलहाल विस्फोट कैसे हुए इसका अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है. फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और विस्फोट की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
अधिकारियों ने क्या कहा?पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट किस वजह से हुआ. फोरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही धमाके के कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है.