Delhi Ambedkar Hospital doctor found dead: दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल से एक दुखद घटना सामने आई है. अस्पताल में कार्यरत 35 साल के सीनियर रेजिडेंट (एसआर) डॉक्टर अपने ड्यूटी रूम में मृत पाए गए. घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके से तीन पन्नों का कथित सुसाइड नोट, एक निजी डायरी, सिरिंज और कुछ दवाओं की खाली शीशियां बरामद की हैं. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की सुबह सिविल लाइंस थाने में पीसीआर कॉल नंबर 25A के माध्यम से सूचना मिली कि अरुणा आसफ अली अस्पताल परिसर स्थित ड्यूटी रूम में एक डॉक्टर बेहोशी की हालत में पड़े हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. जांच में पता चला कि मृतक की पहचान डॉ. सिमरप्रीत सिंह आनंद (35) के रूप में हुई है, जो अंबेडकर अस्पताल के एनेस्थीसिया विभाग में सीनियर रेजिडेंट के पद पर तैनात थे.
लुधियाना के रहने वाले थे डॉ. सिमरप्रीतडॉ. सिमरप्रीत मूल रूप से पंजाब के लुधियाना के रहने वाले थे और पिछले तीन वर्षों से अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे. 4 जुलाई की रात 8 बजे से 5 जुलाई की सुबह 8 बजे तक उनकी नाइट ड्यूटी थी. ड्यूटी समाप्त होने के बाद भी जब वह बाहर नहीं आए और कॉल का जवाब नहीं दिया, तो अस्पताल स्टाफ को संदेह हुआ. इसके बाद ड्यूटी रूम नंबर-109 का दरवाजा तोड़ा गया. अंदर डॉक्टर अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि डॉक्टर के बाएं हाथ में कैनुला लगा हुआ था. पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10 बजे डॉक्टर के कहने पर एक टेक्नीशियन असिस्टेंट ने कैनुला लगाया था. घटना की सूचना मिलने के बाद जिला क्राइम टीम और एफएसएल रोहिणी की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान कमरे से सिरिंज, दवाओं की खाली शीशियां, एक काले रंग का बैग, तीन पन्नों का कथित सुसाइड नोट और एक निजी डायरी बरामद की गई.
मौके से मिला सुसाइड नोटपुलिस के अनुसार, बरामद कथित सुसाइड नोट में डॉक्टर ने लिखा है कि उन्होंने यह कदम अपनी इच्छा से उठाया है. नोट में उन्होंने अस्पताल में कार्यरत एक महिला सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के साथ अपने निजी संबंधों का भी जिक्र किया है. लिखा है कि दोनों अलग-अलग जातियों से थे और परिवारों की असहमति के कारण उनका विवाह संभव नहीं हो पा रहा था. पुलिस इस कथित नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की भी जांच कर रही है.
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है. मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. सिविल लाइंस थाना पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.